
जशपुरनगर -: बरसात के मौसम में सर्पदंश की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, लेकिन समय पर उपचार मिलने से दो लोगों की जान बच गई। मामला सन्ना सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का है, जहां ग्रामीणों की जागरूकता और स्वास्थ्य विभाग की तत्परता ने दो गंभीर मामलों में बड़ी सफलता दिलाई।
जानकारी के अनुसार, सन्ना क्षेत्र के एक युवक को खेत के पास रसल वाइपर (Russell’s Viper) जैसे अत्यंत जहरीले सांप ने काट लिया। घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने किसी भी तरह की झाड़-फूंक या देरी करने के बजाय युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सन्ना पहुंचाया। अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों ने बिना समय गंवाए उसका उपचार शुरू किया।

इसी दौरान पास के एक गांव की एक महिला को भी जहरीले सांप ने काट लिया था। उसे भी तत्काल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने आवश्यक उपचार कर उसकी हालत सामान्य होने पर घर भेज दिया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सन्ना के डॉ. नीतीश आनंद सोनवानी ने बताया कि युवक को रसल वाइपर ने काटा था, जिसके कारण उसके पैर का रंग नीला पड़ने लगा था। यदि अस्पताल पहुंचने में थोड़ी भी देर होती, तो उसकी स्थिति गंभीर हो सकती थी। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की जागरूकता और समय पर अस्पताल पहुंचाने की वजह से दोनों मरीजों का सफलतापूर्वक इलाज किया जा सका और अब दोनों पूरी तरह सुरक्षित हैं।
उपचार के दौरान आरएमओ चैन सिंह कहरा, स्टाफ नर्स पृष्का सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। चिकित्सकों ने लोगों से अपील की है कि सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक या घरेलू उपचार के बजाय तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचें, क्योंकि समय पर इलाज ही जीवन बचाने का सबसे प्रभावी उपाय है।



