
छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के टिकरापारा वार्ड में देर रात एक तेंदुआ रिहायशी इलाके में पहुंच गया। तेंदुए ने घर की छत पर घूम रहे जर्मन शेफर्ड नस्ल के पालतू कुत्ते पर हमला कर उसे अपना शिकार बना लिया और उसे उठाकर ले गया। पूरी घटना घर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के टिकरापारा वार्ड का है।
मकान मालिक परमेश्वर देवांगन ने बताया कि घटना के समय परिवार के सभी लोग घर में मौजूद थे। देर रात घर के बाहर कुत्ते के भौंकने की आवाज सुनाई दी। परिवार के लोगों ने बाहर देखा तो तेंदुआ कुत्ते को लेकर घर के पीछे की तरफ भाग रहा था। उस समय अंधेरा होने के कारण परिवार को घटना की पूरी जानकारी नहीं हो पाई।
यह घटना 23 सितंबर की बताई जा रही है। टिकरापारा वार्ड के रहने वाले परमेश्वर देवांगन ने जर्मन शेफर्ड नस्ल का पालतू कुत्ता पाल रखा था। 23 सितंबर की रात परिवार के सभी सदस्य सो गए थे। उनका डॉग जर्मन शेफर्ड कुछ देर तक घर की छत पर घूम रहा था और फिर छत से नीचे घर में चला गया।
देर रात तेंदुआ परमेश्वर के घर की छत पर पहुंच गया। तेंदुआ पहले छत पर इधर-उधर चहलकदमी करता नजर आया। इसी दौरान जर्मन शेफर्ड भी नीचे से छत की ओर आ रहा था। कुत्ते की आहट सुनते ही तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। तेंदुए ने कुत्ते को दबोच लिया और उसे लेकर जंगल की ओर चला गया। पूरी घटना घर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।
सुबह परिवार ने CCTV फुटेज देखा तो घटना की पूरी जानकारी सामने आई। फुटेज में तेंदुआ कुत्ते को दबोचकर ले जाता हुआ दिखाई दे रहा है। घटना के बाद परमेश्वर देवांगन ने विभाग को घटना की जानकारी दी। लोग रात के समय घर से बाहर निकलने से भी बच रहे हैं।
वन विभाग के SDO जेएस मरावी ने बताया कि कुत्ते पर तेंदुए के हमले का CCTV फुटेज सामने आया है। टीम को मौके पर भेजकर मामले की जांच कराई जाएगी। क्षेत्र में गश्त भी बढ़ाई जाएगी। लोगों को सतर्क करने के लिए सूचना बोर्ड लगाए जाएंगे।
वहीं, कांकेर जिले के चारामा नगर में गुरुवार सुबह से जंगली भालू की हलचल ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। सुबह करीब 5 बजे से भालू शहर के अलग-अलग वार्डों में घूमता दिखाई दिया। वह कई घरों के पास पहुंचा और दरवाजे खटखटाए। भालू पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल परिसर में भी देखा गया।
सूचना के बाद वन विभाग की टीम अलर्ट है और लगातार उसकी लोकेशन ट्रैक कर रही है। लोगों से सावधानी बरतने और मॉर्निंग वॉक पर नहीं जाने की अपील की गई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने मौके पर टीम भेजकर जांच कराने, क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और लोगों को सतर्क करने के लिए सूचना बोर्ड लगाने की बात कही है।
कांकेर शहर और आसपास के रिहायशी इलाकों में वन्यप्राणियों के पहुंचने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी तेंदुए और भालू आबादी वाले इलाकों में देखे जा चुके हैं। तेंदुए के कुत्ते, मुर्गी और मवेशियों का शिकार करने की घटनाएं भी सामने आती रही हैं।
लगातार हो रही ऐसी घटनाओं को देखते हुए स्थानीय लोगों ने वन विभाग से रिहायशी इलाकों में गश्त बढ़ाने और वन्यप्राणियों की गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है। लोगों ने सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने की भी मांग की है।
इससे जुड़ी खबर भी पढ़ें… भाई-बहन को मारकर शवों को नोचता रहा भालू, LIVE VIDEO: कांकेर में खेत में काम करते समय किया हमला, 3 की मौत, 1 गंभीर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में एक मादा भालू ने हमला कर भाई और बहन की जान ले ली। मारने के बाद वह उनके शवों को नोचती रही, जिसका लाइव वीडियो भी सामने आया है। घटना बुधवार दोपहर की है। हमले में एक ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे रायपुर रेफर किया गया है। घटना नरहरपुर वन परिक्षेत्र के लारगांव मरकाटोला गांव की है।



