HomeUncategorizedकांकेर में तेंदुए ने पालतू जर्मन शेफर्ड को बनाया शिकार, CCTV में...

कांकेर में तेंदुए ने पालतू जर्मन शेफर्ड को बनाया शिकार, CCTV में कैद हुई घटना; चारामा में भालू की हलचल से दहशत

छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में तेंदुए ने पालतू जर्मन शेफर्ड कुत्ते का शिकार किया है। चारामा के टिकरापारा वार्ड में रहने वाले परमेश्वर देवांगन का घर जंगल से लगा हुआ है। 23 सितंबर की रात घर पर सभी सो रहे थे। तभी छत पर अचानक तेंदुआ पहुंचा। इसी दौरान पालतू डॉग जर्मन शेफर्ड छत पर चढ़ ही रहा था कि आहट पाकर तेंदुए ने डॉग पर अटैक कर दिया। जबड़े से गर्दन दबोचकर जंगल की तरफ ले गया। पूरी घटना का लाइव वीडियो सामने आया है। वहीं, जिले के एक स्कूल में भालू भी दिखा है, जिससे लोगों में दहशत है।

दरअसल, घटना 23 सितंबर की है। चारामा के टिकरापारा वार्ड के रहने वाले परमेश्वर देवांगन ने जर्मन शेफर्ड नस्ल का पालतू कुत्ता पाल रखा था। रात में परिवार के सभी सदस्य सो गए थे। उनका डॉग जर्मन शेफर्ड कुछ देर तक घर की छत पर घूम रहा था और फिर नीचे चला गया। इसी दौरान जंगल से आया एक तेंदुआ अचानक परमेश्वर के घर की छत पर पहुंच गया। तेंदुआ पहले छत पर इधर-उधर चहलकदमी करता नजर आया। इसी दौरान जर्मन शेफर्ड भी नीचे से छत की ओर आ रहा था। कुत्ते की आहट सुनते ही तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। पूरी घटना घर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। तेंदुए ने कुत्ते को दबोच लिया और उसे लेकर जंगल की ओर चला गया।

मकान मालिक परमेश्वर देवांगन ने बताया कि घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर मौजूद थे। देर रात घर के बाहर कुत्ते के भौंकने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर परिजनों ने बाहर की ओर देखा तो तेंदुआ कुत्ते को लेकर घर के पीछे स्थित नाली की तरफ भाग रहा था। उस समय अंधेरा होने के कारण परिवार को घटना की पूरी जानकारी नहीं हो पाई। सुबह जब CCTV कैमरे की रिकॉर्डिंग देखी गई तो पूरी घटना साफ हो गई। फुटेज में तेंदुआ कुत्ते को दबोचकर ले जाता हुआ दिखाई दे रहा है। लोग रात के समय घर से बाहर निकलने से भी बच रहे हैं।

घटना के बाद परमेश्वर देवांगन ने वन विभाग को घटना की जानकारी दी। वन विभाग के SDO जेएस मरावी ने बताया कि टीम को मौके पर भेजकर मामले की जांच कराई जाएगी। क्षेत्र में गश्त भी बढ़ाई जाएगी। लोगों को सतर्क करने के लिए सूचना बोर्ड लगाए जाएंगे।

वहीं, कांकेर जिले के चारामा नगर में गुरुवार सुबह से जंगली भालू की हलचल ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। सुबह करीब 5 बजे से भालू शहर के अलग-अलग वार्डों में घूमता दिखाई दिया। वह कई घरों के पास पहुंचा और दरवाजे खटखटाए। भालू पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल परिसर में भी देखा गया। सूचना के बाद वन विभाग की टीम अलर्ट है और लगातार उसकी लोकेशन ट्रैक कर रही है। लोगों से सावधानी बरतने और मॉर्निंग वॉक पर नहीं जाने की अपील की गई है।

कांकेर शहर और आसपास के रिहायशी इलाकों में वन्यप्राणियों के पहुंचने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी तेंदुए और भालू आबादी वाले इलाकों में देखे जा चुके हैं। तेंदुए के कुत्ते, मुर्गी और मवेशियों का शिकार करने की घटनाएं भी सामने आती रही हैं। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं को देखते हुए स्थानीय लोगों ने वन विभाग से रिहायशी इलाकों में गश्त बढ़ाने और वन्यप्राणियों की गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है। लोगों ने सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने की भी मांग की है।

इससे जुड़ी खबर भी पढ़ें… भाई-बहन को मारकर शवों को नोचता रहा भालू, LIVE VIDEO: कांकेर में खेत में काम करते समय किया हमला, 3 की मौत, 1 गंभीर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में एक मादा भालू ने हमला कर भाई और बहन की जान ले ली। मारने के बाद वह उनके शवों को नोचती रही, जिसका लाइव वीडियो भी सामने आया है। घटना बुधवार दोपहर की है। हमले में एक ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे रायपुर रेफर किया गया है। घटना नरहरपुर वन परिक्षेत्र के लारगांव मरकाटोला गांव की है।

RELATED ARTICLES

Most Popular