विभिन्न क्षेत्रों में हो रही भारी बारिश को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रशासन को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी जिला कलेक्टरों को बारिश और संभावित बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारी बारिश के कारण कहीं भी किसी प्रकार की आवश्यकता उत्पन्न होती है तो तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएं। आम जनता को किसी तरह की परेशानी न हो, यह सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने प्रदेशवासियों से भी बारिश के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने नागरिकों से कहा कि वे अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता दें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
मुख्यमंत्री ने नदी-नालों, जलप्रपातों और उफनते जलस्रोतों के पास नहीं जाने की अपील की है, क्योंकि पानी का बहाव अचानक बढ़ सकता है। उन्होंने कहा कि जलमग्न पुल-पुलियों एवं सड़कों को पार करने का प्रयास न करें और सुरक्षा के दृष्टिकोण से बैरियर वाले स्थानों पर प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
मुख्यमंत्री ने बिना आवश्यकता यात्रा करने से बचने और विशेषकर रात के समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की अपील की।
किसी भी आपात स्थिति में नागरिक डायल 112 या स्थानीय प्रशासन से संपर्क करें। मौसम और राहत संबंधी जानकारी के लिए केवल अधिकृत स्रोतों पर विश्वास करें और अफवाहों से दूर रहें। मुख्यमंत्री ने कहा कि कठिन परिस्थितियों में सतर्कता, संयम और सहयोग सबसे महत्वपूर्ण है।



