
जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ विकासखंड के सरकारी स्कूल भांठापारा भुईगांव में पदस्थ हेडमास्टर योगेश्वर सिंह कंवर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में हेडमास्टर शराब के नशे में लड़खड़ाते हुए स्कूल पहुंचे हुए दिखाई दे रहे हैं। यह घटना स्कूल में अनुशासन और शिक्षकों के आचरण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।
वायरल वीडियो में हेडमास्टर योगेश्वर सिंह कंवर नशे की हालत में यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि ये मैडम अच्छा नहीं पढ़ाती है। जब स्कूल के टीचरों ने उनके इस व्यवहार का विरोध किया, तो उन्होंने कहा कि वीडियो बनाओ और जहां भेजना है भेज दो। जहां शिकायत करना है, कर लो। मैं भी जाऊंगा BEO, DEO और कलेक्टर तक जाऊंगा जो करना हो कर लो। ये मेरी गलती नहीं है।
जानकारी के मुताबिक, स्कूल में हेडमास्टर योगेश्वर सिंह कंवर का महिला टीचर से विवाद है। आरोप है कि बच्चों के सामने हेडमास्टर ने टीचर का अपमान किया। इसकी जानकारी गांव के जनप्रतिनिधियों को मिली, तो वे स्कूल पहुंचे। उन्होंने हेडमास्टर को समझाने और स्थिति को शांत करने की कोशिश की। इस दौरान उनकी हरकतों को कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया गया। वायरल वीडियो सामने आने के बाद स्कूल की अनुशासन व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
मामला सामने आने के बाद कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने संज्ञान लेते हुए जांच के निर्देश दिए थे। जिला शिक्षा अधिकारी मनोहर प्रताप सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो के माध्यम से जानकारी हुई कि हेडमास्टर योगेश्वर सिंह कंवर शराब के नशे में स्कूल पहुंचा था, जिसे तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। उसे पामगढ़ BEO कार्यालय में अटैच किया गया है।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने वायरल वीडियो की जानकारी मिलने के बाद तत्काल संज्ञान लिया और मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि अगर जांच में संबंधित व्यक्ति दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ नियम के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी और विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को जिले के स्कूलों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए हैं।
अधिकारियों से शिक्षकों की हाजिरी, अनुशासन और उनके काम करने के तरीके पर लगातार नजर रखने को कहा गया है। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिया है कि स्कूलों में अनुशासनहीनता या नशे से जुड़ी शिकायतें मिलने पर संबंधित शिक्षकों की जानकारी एकत्र कर एक सूची तैयार की जाए। उन्होंने कहा है कि शिकायतों की जांच कराई जाए और आरोप सही पाए जाने पर संबंधित शिक्षक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
इसके अलावा, अब तक अनुशासनहीनता से जुड़े मामलों में हुई विभागीय जांच और कार्रवाई की ताजा जानकारी भी मांगी गई है। कलेक्टर ने ऐसे मामलों की जानकारी भी देने को कहा है, जिनमें बड़ी सजा दी गई है।
इससे जुड़ी यह खबर भी पढ़ें… क्लास-रूम में स्प्राइट की बोतल में महुए की शराब, VIDEO: शिक्षक पर नशे में स्कूल आने का आरोप; ग्रामीण बोले-मैन्यू के मुताबिक नहीं मिलता मिड-डे मील। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद में एक शिक्षक पर शराब पीकर बच्चों को पढ़ाने का आरोप है। इसके अलावा क्लास रूम में स्प्राइट की बोतल में महुए की शराब मिली है। हालांकि, शिक्षक शराब लेकर स्कूल आने की बात से इनकार कर रहा है।



