HomeUncategorizedबिलासपुर में गणेश विसर्जन के दौरान अरपा नदी में बहे दो बच्चे,...

बिलासपुर में गणेश विसर्जन के दौरान अरपा नदी में बहे दो बच्चे, एसडीआरएफ की टीम तलाश में जुटी

बिलासपुर में गणेश विसर्जन के दौरान शनिवार दोपहर अरपा नदी में बड़ा हादसा हो गया। दयालबंद के मधुबन इलाके में गणेश प्रतिमा विसर्जन के बाद नदी से नारियल लेने उतरे 2 बच्चे गहरे पानी में जाने से बह गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन दोनों नदी में लापता हो गए।

इस हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। फिलहाल नदी में दोनों बच्चों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है।

बताया जा रहा है कि मधुबन अटल आवास निवासी आयान अंसारी (12) और इमयेज (16) गणेश विसर्जन के लिए अरपा नदी पहुंचे थे। प्रतिमा विसर्जन के बाद दोनों बच्चे नदी में नारियल लेने के लिए पानी में उतरे। इसी दौरान वे गहरे पानी की ओर चले गए और अचानक बहने लगे।

आसपास मौजूद लोगों ने बच्चों को बचाने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही देर में दोनों नदी में लापता हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मोहल्ले के लोग भी बच्चों की तलाश में जुट गए।

घटना के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों और मोहल्लेवासियों ने गोताखोरों के पहुंचने में देरी को लेकर नाराजगी जताई। इस बीच पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular