HomeUncategorizedरायपुर में 7-8 अक्टूबर को राज्यस्तरीय रोजगार मेला, 8,720 पदों पर भर्ती

रायपुर में 7-8 अक्टूबर को राज्यस्तरीय रोजगार मेला, 8,720 पदों पर भर्ती

छत्तीसगढ़ के शिक्षित और प्रशिक्षित युवाओं को निजी कंपनियों में नौकरी करने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध है। इसके लिए 7 और 8 अक्टूबर 2026 को रायपुर के बूढ़ापारा स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में दो दिवसीय राज्यस्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा।

इस रोजगार मेले में मशीन ऑपरेटर, फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, इंजीनियर, क्वालिटी इंस्पेक्टर, सेल्स एग्जीक्यूटिव, कंप्यूटर ऑपरेटर, कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव, नर्सिंग स्टाफ, सुरक्षा गार्ड, ड्राइवर, डिलीवरी बॉय और अप्रेंटिस समेत कई पदों पर भर्ती होगी।

टेक्निकल/मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र में करीब 4800, लॉजिस्टिक्स/ट्रांसपोर्ट में करीब 1600, सिक्योरिटी में 650 और हेल्थकेयर/केयर सर्विसेज में करीब 580 पोस्ट हैं। अब तक 36 नियोजकों और प्लेसमेंट संस्थाओं से 8,720 खाली पदों की जानकारी विभाग को मिल चुकी है।

इन पदों के लिए 10वीं-12वीं पास से लेकर आईटीआई, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट क्वालिफिकेशन वाले युवा आवेदन कर सकेंगे। ई-रोजगार पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया जारी है।

रोजगार मेले के लिए अब तक क्वेस कॉर्प, रैंडस्टैड इंडिया, राजस्थान टेक्सटाइल मिल्स–सतलज टेक्सटाइल्स, वर्धमान टेक्सटाइल्स, जेनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर, एयरटेल पेमेंट बैंक, इंस्टाकार्ट, स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल, स्वतंत्र माइक्रोफिन, एनआईआईटी, आइसेक्ट, शांता टेक्नो, राजत इक्विपमेंट्स, फर्स्ट फ्लाई कॉर्पोरेट समेत कई कंपनियों ने रिक्तियां उपलब्ध कराई हैं। विभाग बाकी कंपनियों से भी लगातार संपर्क कर रहा है। अभ्यर्थियों से अपनी प्रोफाइल अपडेट कर जल्द आवेदन करने की अपील की गई है।

उद्योग और नियोजक रोजगार मेले में भागीदारी के लिए 7999385638 और 7000397968 पर संपर्क कर सकते हैं।

रोजगार मेले के दूसरे दिन 8 अक्टूबर को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब की अध्यक्षता में चयनित युवाओं को ऑफर लेटर दिए जाने का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।

कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि इससे प्रदेश के अधिक से अधिक युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर मिल सकें। उन्होंने युवाओं से इस अवसर का अधिकाधिक लाभ उठाने और अपनी योग्यता के अनुरूप उपलब्ध पदों के लिए आवेदन करने की अपील की है।

संचालक रोजगार एवं प्रशिक्षण हेमंत रमेश नंदनवार (आईएएस) ने बताया कि राज्यस्तरीय रोजगार मेले के लिए विभागीय स्तर पर रिक्तियों के संकलन का कार्य लगातार जारी है। अब तक 36 नियोजकों और प्लेसमेंट संस्थाओं से 8,720 रिक्त पदों की जानकारी प्राप्त हो चुकी है। उपलब्ध रिक्तियों को ई-रोजगार पोर्टल पर प्रदर्शित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अन्य प्रमुख उद्योगों एवं नियोजकों से भी लगातार संपर्क किया जा रहा है। मेले में अधिक से अधिक रोजगार अवसर उपलब्ध कराने के साथ ही ऑनलाइन आवेदन और चयन प्रक्रिया को सुव्यवस्थित रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

इच्छुक अभ्यर्थी ई-रोजगार पोर्टल https://www.erojgar.cg.gov.in/ पर उपलब्ध रिक्तियों को देखकर अपनी योग्यता और रुचि के अनुसार ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पोर्टल पर अभ्यर्थियों की प्रोफाइल के आधार पर नियोजक शॉर्टलिस्टिंग और प्रारंभिक चयन भी कर सकेंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular