
रायपुर में शनिवार देर रात ट्रिपल मर्डर की घटना सामने आई है। पति ने अपनी पत्नी और 2 नाबालिग बच्चों की धारदार चाकू से हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने खुद पर भी चाकू से वार कर लिया, जिससे वह घायल हो गया। आरोपी को इलाज के लिए मेकाहारा में भर्ती कराया गया है।
मामला माना थाना क्षेत्र के डूमरतराई का है। आरोपी की पहचान भुनेश्वर साहू (34) के रूप में हुई है। वह जिला बालोद का रहने वाला है और डूमरतराई के साहू पारा में किराए के मकान में रहता था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पत्नी के कैरेक्टर पर शक के चलते उसने हत्या की है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी भुनेश्वर साहू ने देर रात विवाद के बाद पहले पत्नी खिलेश्वरी साहू पर हमला किया। इसके बाद उसने दोनों बच्चों आशीष साहू (10) और ज्ञान साहू (8) पर हमला किया। तीनों की मौत के बाद उसने खुद पर भी चाकू से वार किए।
सुबह पड़ोसियों को घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने पुलिस को सूचित किया। माना थाना पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी घायल हालत में पड़ा हुआ था। पुलिस ने उसे हिरासत में लिया।
पुलिस ने घायल आरोपी को इलाज के लिए अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया है। उसका इलाज जारी है। जबकि पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए मेकाहारा भेज दिया है और घटनास्थल को सील कर दिया गया है।
फिलहाल, पुलिस घटना के कारणों और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
इस बीच, छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक बार फिर डबल मर्डर की वारदात हुई है। मां और उसकी 10 महीने की मासूम बेटी की हत्या कर दी गई। दोनों पर किसी भारी वस्तु से सिर और चेहरे पर वार किए जाने की आशंका है। बोर घर में खून से लथपथ दोनों के शव मिले हैं। रायगढ़ में 5 दिन में 2 डबल मर्डर सामने आए हैं, जहां रिटायर्ड SECL कर्मचारी और उसकी पत्नी को मारकर जलाया गया था।



