Homeराजनीतिसुखदेव भगत ने कहा- मुख्यमंत्री का चेहरा अभी का मुद्दा नहीं, बच्चे...

सुखदेव भगत ने कहा- मुख्यमंत्री का चेहरा अभी का मुद्दा नहीं, बच्चे का जन्म हुआ है तो शादी की बात क्यों

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के नए प्रदेश प्रभारी और सांसद सुखदेव भगत रविवार को अपने पहले छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर पहुंचे। यहां उनसे जब कांग्रेस की ओर से छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि यह अभी का मुद्दा नहीं है।

भगत ने कहा- अभी बच्चे का जन्म ही हुआ है और आप उसकी शादी की बात कर रहे हैं। भगत के इस बयान से संकेत मिलता है कि फिलहाल कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर कोई नाम तय नहीं किया गया है।

हालांकि, कुछ दिन पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने मुख्यमंत्री बनने योग्य नेताओं के नाम गिनाए थे। उन्होंने भूपेश बघेल, टीएस सिंहदेव, चरणदास महंत और ताम्रध्वज साहू का नाम लिया था। साथ ही कहा था कि मुख्यमंत्री कौन बनेगा, इसका फैसला हाईकमान करेगा।

स्मृति ईरानी को प्रभारी बनाए जाने पर बोले- बधाई देता हूं। भाजपा की ओर से स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ का प्रदेश प्रभारी बनाए जाने के सवाल पर भी सुखदेव भगत ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, मैं उन्हें बधाई देता हूं। उम्मीद करता हूं कि यहां की जनता को उनसे राहत मिलेगी। 13 रुपए में शक्कर देंगे, सिलेंडर देंगे।

भगत रविवार को अपने छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर पहुंचे हैं। प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी संभालने के बाद यह उनका पहला छत्तीसगढ़ दौरा है। दौरे के दौरान वे कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, राजनीतिक मामलों की समिति और विधायक दल के साथ बैठक कर रहे हैं।

28 सितंबर को भी बैठकों का दौर। सुखदेव भगत के दौरे के दूसरे दिन 28 सितंबर को भी कई बैठकें होंगी। सुबह प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों के साथ बैठक होगी। इसके बाद कनेक्ट सेंटर की टीम के साथ चर्चा प्रस्तावित है।

दोपहर में एआईसीसी के निर्देश पर जिला कलेक्ट्रेट तक निकाले जाने वाले विरोध मार्च में भी भगत शामिल होंगे। शाम 4 बजे फ्रंटल संगठनों के प्रमुखों के साथ बैठक होगी। इसके बाद शाम 5 बजे अनुशासन समिति के साथ बैठक प्रस्तावित है। कार्यक्रम पूरा होने के बाद सुखदेव भगत रात में दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular