HomeUncategorizedरिसाली नगर निगम में सफाई व्यवस्था ठप, 33 वार्डों में कचरे के...

रिसाली नगर निगम में सफाई व्यवस्था ठप, 33 वार्डों में कचरे के ढेर

रिसाली नगर निगम में सफाई व्यवस्था प्रभावित हो गई है। ठेका एजेंसी एलमेक टेक्नोक्रेट्स की ओर से सफाई कर्मचारियों के वाट्सऐप ग्रुप में 25 सितंबर को एक संदेश जारी किया गया। इसमें 26 से 30 सितंबर तक पांच दिनों के लिए सफाई कर्मचारियों को अवकाश पर रहने का आदेश दिया गया। आदेश में कहा गया कि डोर-टू-डोर कचरा उठाने वाले कर्मचारियों को छोड़कर बाकी सभी सफाई कर्मचारी अवकाश पर रहेंगे।

इस आदेश के सामने आने के बाद सफाई कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। कर्मचारियों का कहना है कि काम बंद होने से उन्हें परेशानी हो रही है। वहीं, इस आदेश को लेकर यह सवाल भी उठ रहा है कि निगम की सफाई व्यवस्था का काम ठेका एजेंसी अपने स्तर पर कैसे बंद करा सकती है।

कर्मचारियों के मुताबिक सफाई व्यवस्था बंद करने का अधिकार निगम आयुक्त या स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी के पास होता है। सफाई कर्मचारियों को अवकाश पर भेजे जाने से शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई है। रिसाली नगर निगम के 40 में से 33 वार्डों में जगह-जगह कचरा पड़ा हुआ है। कर्मचारियों के काम पर नहीं आने से गलियों, नालियों और बाजारों में गंदगी पसरी हुई है। इससे रहवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बताया जा रहा है कि संबंधित ठेका एजेंसी को पिछले छह से सात महीने से भुगतान नहीं मिला है। इसके चलते एजेंसी ने सफाई व्यवस्था प्रभावित करने का निर्णय लिया है। इससे पहले भी एजेंसी ने एक से छह अगस्त तक काम बंद कर दिया था। उस समय भी सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हुई थी।

काम बंद कराने के फैसले का सफाई कर्मचारियों ने विरोध किया है। कर्मचारियों ने बैठक कर आंदोलन की रणनीति तैयार की है। कर्मचारियों ने 28 सितंबर को रायपुर में प्रदर्शन करने का ऐलान किया है।

सफाई कर्मचारियों का कहना है कि ठेका एजेंसी एलमेक टेक्नोक्रेट्स ने अगस्त माह का वेतन भी अब तक नहीं दिया है। वेतन नहीं मिलने के कारण कर्मचारियों के घरेलू बजट पर असर पड़ा है। कर्मचारियों ने बताया कि सफाई कर्मचारी सामान्य और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आते हैं।

ठेका एजेंसी के तहत निगम में करीब 650 सफाई कर्मचारी काम करते हैं। ये कर्मचारी रिसाली के आसपास के गांवों से ऑटो रिक्शा किराए पर लेकर काम करने आते हैं। ऐसे में वेतन नहीं मिलने से उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

सोमवार से सभी कर्मचारी काम पर वापस आएंगे। जो आदेश जारी हुआ था, उसे वापस ले लिया गया है। मोनिका वर्मा, आयुक्त, रिसाली नगर निगम।

RELATED ARTICLES

Most Popular