न्यायधानी बिलासपुर में सोशल मीडिया पर युवतियों के हुड़दंग, सरेआम नशाखोरी और हथियार लहराने के दो अलग-अलग वीडियो वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है। शहर में कानून-व्यवस्था, सार्वजनिक स्थलों पर नशाखोरी और पुलिस की रात्रि गश्त की प्रभावशीलता को लेकर अब नागरिकों के बीच तीखी चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
पहला मामला एक युवती द्वारा सरेआम चाकू लहराने और सिगरेट का धुआं उड़ाने से जुड़ा है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में युवती एक हाथ में जलती हुई सिगरेट लेकर धुआं उड़ाती दिख रही है, जबकि दूसरे हाथ में धारदार चाकू लेकर कैमरे के सामने बेखौफ अंदाज में पोज देती नजर आ रही है।
इस वायरल वीडियो को लेकर तरह-तरह के दावे किए जा रहे हैं और लोग शहर में बढ़ती आपराधिक मानसिकता पर चिंता जता रहे हैं। चाकू व सिगरेट वाला यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है।
वहीं, दूसरा वायरल वीडियो शहर के सबसे प्रमुख और अति-व्यस्त अग्रसेन चौक से सीएमडी चौक जाने वाले मार्ग का है। इस वीडियो में देर रात दो स्कूटी सड़क किनारे खड़ी दिखाई दे रही हैं, और वहीं पास में बैठी एक युवती खुलेआम शराब पीती नजर आ रही है।
मुख्य मार्ग पर इस तरह की सरेराह शराबखोरी का वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। सवाल उठ रहे हैं कि आखिर शहर के दिल कहे जाने वाले इलाके में देर रात इस तरह हुड़दंग मचाने वालों पर पुलिस पेट्रोलिंग की नजर क्यों नहीं पड़ती।
शहर के व्यस्ततम चौक-चौराहों पर देर रात सार्वजनिक स्थानों पर नशाखोरी की घटनाओं से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हुए हैं। नागरिकों का कहना है कि ऐसी घटनाएं कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता का विषय हैं।
हालांकि, पुलिस का कहना है कि दोनों वायरल वीडियो के आधार पर जांच की जा रही है और साइबर सेल व स्थानीय थाने की मदद से युवतियों व संदिग्धों की पहचान कर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस दोनों वायरल वीडियो के आधार पर युवतियों और उनके साथियों की पहचान में जुट गई है। साइबर जांच के साथ-साथ स्थानीय थाने की मदद से संदिग्धों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।



