
रायपुर में आज गणेश विसर्जन झांकी निकल रही है। झांकियां शारदा चौक से महादेवघाट तक जाएंगी। झांकी देखने जयस्तंभ चौक पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी है। इस दौरान एक एंबुलेंस फंस गई, जिसे पुलिस वालों की मदद से निकाला गया। झांकी मार्ग पर सभी तरह के वाहनों की एंट्री बंद है।
दुर्ग से आई महिला परिवार से बिछड़ गई। पुलिस सहायता केंद्र की टीम उनकी मदद कर रही है। गणेश विसर्जन झांकी के दौरान कीर्ति यादव अपने परिवार से बिछड़ गईं। पुलिस सहायता केंद्र की टीम परिजनों से मिलाने के लिए उनकी मदद कर रही है। महिला के परिजन 30 मिनट बाद उसे लेने पुलिस सहायता केंद्र पहुंचे।
विसर्जन झांकियों को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी कर रही है। डीजे और साउंड सिस्टम के इस्तेमाल को लेकर भी नियम तय किए गए हैं। हालांकि, एक शख्स ने डीजे के तेज आवाज की शिकायत की है। कई समिति फिल्मी गाने बजाती नजर आई। सिद्धि-रिद्धि समिति के सदस्य फिल्मी गाने बजा रहे हैं।
वासुकी नाग और गरुड़ के बीच युद्ध की थीम पर झांकी सजाई गई। एकता मित्र मंडल-श्री शांति बाल समाज सोनकरपारा ने आकर्षक झांकी निकाली। एक झांकी में यमलोक में रावण के हमले को दिखाया गया है। एक झांकी में भगवान श्री कृष्ण को गरुड़ का घमंड तोड़ते हुए दिखाया गया है।
तेलघानी नाका से शारदा चौक तक चेकिंग के दौरान बड़ी संख्या में कड़े और देशी शराब की बोतलें जब्त किए गए हैं। रायपुर पुलिस ने यह कार्रवाई की।
कई झांकियां अभी आमापारा चौक के पास हैं। यहां से झांकियां राठौर चौक पहुंचेंगी, जहां नंबर के हिसाब से उनकी शुरुआत होगी। इसके बाद झांकियां एमजी रोड से होते हुए जयस्तंभ चौक की ओर बढ़ेंगी। जयस्तंभ चौक के पास बैरिकेडिंग कर वाहनों की एंट्री रोकी जा रही है।
झांकी आज (सोमवार) शाम 6 बजे शारदा चौक से शुरू होकर जयस्तंभ चौक, मालवीय रोड, कोतवाली चौक, सदर बाजार, कंकालीपारा चौक, पुरानी बस्ती थाना तिराहा, लाखेनगर चौक, सुंदरनगर रोड और रायपुरा चौक होते हुए महादेव घाट विसर्जन स्थल पहुंचेगी। झांकी मार्ग पर शाम 6 बजे से सभी तरह के वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। इस दौरान केवल झांकी और पैदल श्रद्धालुओं को प्रवेश की अनुमति होगी।
आम पब्लिक के लिए प्रतिबंधित मार्ग: शास्त्री चौक से जयस्तंभ चौक, आश्रम तिराहा से शारदा चौक/जयस्तंभ चौक, सुभाष नगर चौक-मौदहापारा से जयस्तंभ चौक, फायर ब्रिगेड चौक से कोतवाली, बुढ़ापारा बिजली ऑफिस चौक से कोतवाली, लाखेनगर चौक से पुरानी बस्ती थाना, बुद्धेश्वर चौक से पुरानी बस्ती थाना और कंकालीपारा से सदर बाजार-कोतवाली मार्ग पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा।
धरसीवा विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि गणेश विसर्जन झांकी का आकर्षण ही ऐसा है कि लोग खुद-ब-खुद इसकी ओर खिंचे चले आते हैं। झांकी की भव्यता और उत्साह लोगों को अपनी ओर आकर्षित करता है। रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू ने कहा कि गणेश विसर्जन झांकी को लेकर उत्साह का माहौल है। यहां भव्य झांकियां देखने को मिल रही हैं। लोग पूरे साल इस आयोजन का इंतजार करते हैं।
छत्तीसगढ़ बाल आयोग की अध्यक्ष वर्णिका शर्मा ने कहा कि गणेश उत्सव का आयोजन बहुत ही व्यवस्थित तरीके से किया गया है। गणपति बप्पा का यह उत्सव खुशियों से भरा आयोजन है। रायपुर महापौर मीनल चौबे ने कहा कि लाखों की संख्या में लोग गणेश विसर्जन झांकी देखने पहुंचते हैं। नगर निगम रायपुर पूरी तत्परता के साथ सभी का स्वागत करता है। उन्होंने कहा कि गणपति बप्पा से प्रार्थना है कि रायपुर पर उनकी कृपा दृष्टि हमेशा बनी रहे।
प्रतियोगिता में पहला स्थान पाने वाली समिति को 51 हजार, दूसरे स्थान वाली समिति को 31 हजार और तीसरे स्थान वाली समिति को 21 हजार रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा विसर्जन में शामिल सभी समितियों और झांकियों को सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। इससे समितियों को बेहतर प्रस्तुति के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। समाजसेवी बसंत अग्रवाल ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य गणेश विसर्जन में शामिल समितियों और झांकियों का उत्साह बढ़ाना है। साथ ही धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के लिए समितियों को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि विसर्जन में शामिल सभी समितियों को सम्मानित किया जाएगा।
इस आयोजन की जानकारी अखिल भारतीय संत समिति, शाखा छत्तीसगढ़ की ओर से दी गई। कार्यक्रम साधु-संतों की ओर से आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान संत राजीव लोचन और बसंत अग्रवाल मौजूद रहे।



