HomeUncategorizedबिलासपुर के सिरगिट्टी में पुरानी रंजिश में युवक की चाकू से हत्या,...

बिलासपुर के सिरगिट्टी में पुरानी रंजिश में युवक की चाकू से हत्या, मुख्य आरोपित समेत चार हिरासत में

बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के फदहाखार चांदमारी इलाके में रविवार रात पुरानी रंजिश को लेकर 22 वर्षीय युवक की चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपितों ने घायल युवक को कुछ दूर तक घसीटा और उसका शव फदहाखार-महमंद बाइपास के पास फेंक दिया। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपित समेत चार लोगों को हिरासत में ले लिया है, जबकि वारदात में शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

सिरगिट्टी थाना प्रभारी वाईपी सिंह ने बताया कि ओम लहरे पिता कन्हैया दिवाकर (22) मैट्रिक्स चौक के पास रहता था। रविवार रात करीब नौ बजे फदहाखार गेट के पास उसका मोहल्ले में ही रहने वाले सुनील निर्मलकर उर्फ कल्लू टाइगर से विवाद हो गया। इसके बाद सुनील और उसके साथियों ने ओम पर चाकू से हमला कर दिया।

हमले में ओम लहरे गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद आरोपित उसे कुछ दूर तक घसीटते हुए ले गए और बाद में शव को फदहाखार-महमंद बाइपास के पास छोड़कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार ओम और सुनील के बीच लंबे समय से वर्चस्व को लेकर विवाद चल रहा था। ओम आदतन बदमाश था। वहीं, सुनील के खिलाफ भी थाने में कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने रविवार की रात ही सुनील को पकड़ लिया। उससे पूछताछ के बाद पुलिस ने राजेश यादव, आदि ध्रुव और रोहित ध्रुव को पकड़ा है। पुलिस संदेही युवकों से पूछताछ कर रही है।

हत्या की सूचना के बाद पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अब हिरासत में लिए गए मुख्य आरोपित से पूछताछ कर रही है। उसके बयान और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका स्पष्ट होने की उम्मीद है।

सिरगिट्टी पुलिस युवक की हत्या के मामले में मुख्य आरोपित को हिरासत में ले चुकी है। पुलिस पूछताछ के जरिए वारदात में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। घटनास्थल से फोरेंसिक टीम ने महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस मृतक और आरोपितों के बीच पुरानी रंजिश के साथ ही हत्या की तत्काल वजह की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इससे पहले सिरगिट्टी थाना प्रभारी रहे प्रशिक्षु डीएसपी आकाश चौधरी ने बदमाशों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की थी। इस दौरान आरोपित सुनील उर्फ कल्लू टाइगर और ओम लहरे धारदार हथियार लेकर घूमते पकड़े गए थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर जेल भेज दिया था। दोनों कुछ दिन पहले ही जेल से छूटकर आए थे। इसके बाद से दोनों पुरानी रंजिश को लेकर एक दूसरे को मारने की धमकियां दे रहे थे।

RELATED ARTICLES

Most Popular