HomeUncategorizedबालाछापर में अवैध शराब बिक्री से ग्रामीण परेशान, महिलाओं ने कलेक्टर से...

बालाछापर में अवैध शराब बिक्री से ग्रामीण परेशान, महिलाओं ने कलेक्टर से की कार्रवाई की मांग

​जशपुरनगर -: जिले के ग्राम पंचायत बालाछापर के अंतर्गत आने वाले ग्राम बालाछापर में अवैध रूप से शराब बनाने और बेचने का धंधा धड़ल्ले से चल रहा है। इससे परेशान होकर गांव की महिलाओं और ‘महिला जागृति समिति’ ने एकजुट होकर कलेक्टर महोदय को एक शिकायती पत्र सौंपा है और इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।

​आबकारी विभाग और पुलिस पर पैसे लेकर मामला रफा-दफा करने का आरोप

​शिकायती पत्र के माध्यम से महिलाओं ने आरोप लगाया है कि ग्राम बालाछापर में बड़े पैमाने पर अवैध शराब का निर्माण और बिक्री की जा रही है। इस संबंध में ‘महिला जागृति समिति बालाछापर’ द्वारा नशामुक्ति अभियान भी चलाया गया और शराब बनाने व बेचने पर रोक लगाने का प्रयास किया गया।
​समिति का कहना है कि इस अवैध कारोबार की सूचना आबकारी विभाग और सिटी कोतवाली जशपुर के अधिकारियों व कर्मचारियों को भी दी गई थी। लेकिन आरोप है कि संबंधित विभाग के अधिकारियों द्वारा कोई उचित कार्रवाई नहीं की जा रही है, बल्कि कथित तौर पर पैसे लेकर मामले का निपटारा कर दिया जाता है। इस उदासीनता के कारण शराब माफियाओं और अवैध शराब बनाने वालों के हौसले लगातार बुलंद हो रहे हैं।

​बच्चों पर पड़ रहा बुरा असर, बढ़ रही चोरियां

​ग्रामीण महिलाओं ने पत्र में चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि इस अवैध शराब के धंधे के कारण गांव के माहौल पर बहुत बुरा असर पड़ रहा है। खासकर छोटे बच्चे इससे प्रभावित हो रहे हैं। इसके साथ ही, गांव में चोरी-चपाटी और अन्य आपराधिक घटनाओं की संभावना भी लगातार बढ़ती जा रही है।

​महिलाओं ने की सहयोग की अपील

​’महिला जागृति समिति’ की अध्यक्ष भिनसारी बाई, सहभानी बाई और समस्त ग्रामवासियों (जिनमें विमला बाई, अमरमुनी बाई, मंगलावती बाई, लीलावती बाई, संजनी बाई, सुमित्रा बाई, सरिता बाई, तेजवती, अघानी और मुन्नी आदि शामिल हैं) ने कलेक्टर से निवेदन किया है कि इस गंभीर विषय पर संज्ञान लेते हुए उचित व त्वरित कार्रवाई की जाए और अवैध शराब के इस काले कारोबार को बंद कराकर महिलाओं व ग्रामीणों का सहयोग किया जाए।

RELATED ARTICLES

Most Popular