HomeUncategorized36 घंटे की बारिश से छत्तीसगढ़ बेहाल: कवर्धा में PM आवास नदी...

36 घंटे की बारिश से छत्तीसगढ़ बेहाल: कवर्धा में PM आवास नदी में बहा, रायपुर-जगदलपुर हाईवे बंद

छत्तीसगढ़ में करीब 36 घंटे हुई बारिश के बाद कई जगह हालात बिगड़े हुए हैं। लगातार बारिश के चलते कवर्धा जिले के अमरौड़ी गांव में संकरी नदी किनारे बना PM आवास तेज बहाव की चपेट में आकर पूरी तरह ढह गया और देखते ही देखते नदी में बह गया। इसका वीडियो वायरल हो रहा है।

रायपुर के कई रिहायशी इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। महादेवघाट पुल के ऊपर से पानी बह रहा है। घाट किनारे बसे 120 परिवारों का रेस्क्यू किया गया है। हालात को देखते हुए यहां आज मूर्ति विसर्जन पर रोक लगा दी गई है। कल सुबह फिर विसर्जन किया जाएगा।

इंद्रप्रस्थ कॉलोनी का पूरा इलाका पानी में डूब गया था। सुरक्षा के चलते यहां की बिजली काटी गई थी।

वहीं, बिलासपुर की अरपा नदी में गणेश विसर्जन के दौरान 2 बच्चे बह गए, जिनकी तलाश की जा रही है।

दक्षिण छत्तीसगढ़ बारिश से सबसे ज्यादा प्रभावित है। जगदलपुर के चिवनी, भाटी और लालबाग इलाकों में बाढ़ से लोगों के घरों का राशन बह गया। 100 से ज्यादा प्रभावितों को राहत शिविर में रखा गया है। बस्तर में सड़कें डूबी हुई हैं।

बारिश के चलते 6 ट्रेनें और एक फ्लाइट कैंसिल की गई हैं। रायपुर-जगदलपुर हाईवे बंद है, ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है।

हालात को देखते हुए आज प्रदेशभर के सभी स्कूलों में छुट्टी कर दी गई।

RELATED ARTICLES

Most Popular