HomeUncategorizedबीएसपी प्रबंधन के लीज रवैये के खिलाफ लीजधारकों का आक्रोश, पुनर्वास की...

बीएसपी प्रबंधन के लीज रवैये के खिलाफ लीजधारकों का आक्रोश, पुनर्वास की लिखित गारंटी की मांग

भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) प्रबंधन की ओर से लीज संबंधी कार्रवाइयों और लीजधारकों के अधिकारों को लेकर असंतोष गहराता जा रहा है। रविवार को सेक्टर-6 सड़क नंबर 34 स्थित डोम शेड में नगर लीजधारक कल्याण एवं नागरिक विकास समिति की आपात बैठक आयोजित की गई।

इस बैठक में बीएसपी प्रबंधन के रवैये पर लीजधारकों ने कड़ा आक्रोश जताया। वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि भिलाई शहर में दशकों से निवासरत हजारों नागरिकों के मानवीय अधिकारों और हितों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक को संबोधित करते हुए समिति के अध्यक्ष प्रेमसागर ने लीजधारकों का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि लीजधारक अब तक शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रख रहे हैं, लेकिन इसका अर्थ यह कतई नहीं है कि वे अपने अधिकारों से समझौता करेंगे।

प्रेमसागर ने दो टूक कहा कि बीएसपी प्रबंधन पहले प्रभावित परिवारों के लिए उचित और पूर्ण पुनर्वास की लिखित गारंटी दे, इसके बाद ही आगे की किसी कार्रवाई पर बात हो सकती है। बिना सम्मानजनक और ठोस वैकल्पिक व्यवस्था के किसी भी लीजधारक को बेदखल करने की कार्रवाई स्वीकार नहीं की जाएगी।

प्रेमसागर ने चेतावनी दी कि लीजधारकों के विधिक और मानवीय अधिकारों की रक्षा हर हाल में की जाएगी। यदि प्रबंधन ने मनमाने ढंग से या जबरन बेदखली की कोशिश की, तो उसका कानूनी तरीके से पुरजोर विरोध किया जाएगा।

उन्होंने बीएसपी प्रबंधन से दमनकारी रवैया त्यागकर लीजधारकों के साथ खुले मंच पर सार्थक संवाद शुरू करने की मांग की, ताकि न्यायसंगत समाधान तलाशा जा सके।

बैठक में मौजूद सभी लीजधारकों और वरिष्ठ नागरिकों ने हाथ उठाकर समिति के नेतृत्व में आगामी संघर्ष का पूर्ण समर्थन किया। समिति ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि शीघ्र ही एक प्रतिनिधिमंडल जिला प्रशासन और बीएसपी प्रबंधन को ज्ञापन सौंपकर अपनी आपत्तियों व मांगों से अवगत कराएगा।

बैठक में आनंद मार्कंडेय, अनिल राव, आलोक कुमार सिन्हा, सुदामा नायक, नलिन कुमार सेम्युअल, मोहम्मद जाहिर, मनोज कुमार पात्रेकर, मनोज जैन, अजय पात्रेकर, भीमा, प्रदीप राय और लीना अनिल सहित बड़ी संख्या में प्रभावित नागरिक उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

Most Popular