बिलासपुर में सहायक एवं शीघ्रलेखक ग्रेड-तीन के पदों पर भर्ती के लिए 27 सितंबर को होने वाली प्रारंभिक परीक्षा में करीब 10,860 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इस परीक्षा के लिए बिलासपुर में 33 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा सुबह 11 से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जाएगी।
प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों पर बिजली व्यवस्था से लेकर अभ्यर्थियों की तलाशी और प्रवेश तक के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश से पहले सुरक्षा जांच की प्रक्रिया से गुजरना होगा।
सुरक्षा जांच में पुरुष अभ्यर्थियों की मैनुअल जांच पुरुष पुलिसकर्मी तथा महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला पुलिसकर्मी करेंगी। संदिग्ध गतिविधि पर भी नजर रखी जाएगी। परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को निर्धारित समय का विशेष ध्यान रखना होगा। परीक्षा शुरू होने के 30 मिनट बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
अभ्यर्थियों को परीक्षा में केवल काला या नीला बाल पेन लेकर जाने की अनुमति है। धार्मिक एवं सांस्कृतिक पोशाक पहनने वाले अभ्यर्थियों को सुरक्षा जांच के लिए सामान्य समय से पहले केंद्र पहुंचना होगा। चप्पल पहनकर आने की अनुमति है, जबकि कान में किसी प्रकार के आभूषण पहनना प्रतिबंधित है।
परीक्षा कक्ष में मोबाइल सहित इलेक्ट्रानिक उपकरण, इलेक्ट्रानिक घड़ी, पर्स, फाइल, रूमाल, बेल्ट और टोपी ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र पर प्रवेश-पत्र, फोटोयुक्त पहचान पत्र और काला या नीला बॉल पेन लेकर पहुंचें।
पहचान और प्रवेश की प्रक्रिया पूरी करने के लिए समय से पहले पहुंचना जरूरी होगा। धार्मिक या सांस्कृतिक पोशाक पहनकर आने वाले अभ्यर्थी सुरक्षा जांच में लगने वाले अतिरिक्त समय को ध्यान में रखें। परीक्षा कक्ष में केवल अनुमति प्राप्त सामग्री ही ले जाएं।
परीक्षा में प्रतिबंधित सामग्री का उपयोग करने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी और अभ्यर्थिता समाप्त की जा सकती है। परीक्षा के दौरान बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कार्यालय कलेक्टर (परीक्षा शाखा) बिलासपुर ने कार्यपालन यंत्री, छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी मर्यादित, बिलासपुर को निर्देश दिए हैं।
परीक्षा के दिन तथा परीक्षा शुरू होने से पहले और बाद में कम से कम दो घंटे बिजली आपूर्ति निर्बाध रखने को कहा गया है। परीक्षा केंद्रों की सूची भी संबंधित पत्र के साथ भेजी गई है।



