
बिलासपुर में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान नदी में बहकर आए नारियल को लेने के लिए अरपा नदी में उतरे 2 बच्चे डूब गए। हादसे में अयान अंसारी (12) और इमनेश अंसारी (16) की मौत हो गई। अयान का शव घटना के दिन ही मिल गया था, जबकि इमनेश का शव तीसरे दिन सोमवार सुबह नदी में मिला। दोनों बच्चे दयालबंद के मधुबन क्षेत्र में नदी किनारे पहुंचे थे।
घटना 26 सितंबर की दोपहर करीब 12 बजे की है। बालमुकुंद स्कूल के छात्र अयान अंसारी, इमनेश अंसारी और हरीश कोसले मधुबन के पास अरपा नदी किनारे गए थे। इसी दौरान नदी में बहकर आ रहे नारियल को पकड़ने के लिए अयान गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे डूबता देखकर इमनेश ने भी नदी में छलांग लगा दी। उसने अयान को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव के कारण दोनों पानी में बह गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय मछुआरों को भी तलाश अभियान में लगाया गया। देर शाम अयान का शव नदी से बाहर निकाल लिया गया, लेकिन इमनेश का पता नहीं चल सका।
इमनेश की तलाश में एसडीआरएफ और स्थानीय मछुआरों ने रविवार को करीब 12 घंटे तक सघन अभियान चलाया। टीम ने बोट और महाजाल की मदद से नदी में तलाश की। एसडीआरएफ ने नदी की झाड़ियों और किनारे के हिस्सों में खोजबीन की, जबकि मछुआरों ने गहरे पानी में गोता लगाकर तलाश की।
कोतवाली पुलिस ने ड्रोन की मदद से नदी के दोनों किनारों और छठघाट तक भी तलाश की, लेकिन दूसरे दिन तक कोई सुराग नहीं मिला। शाम होने पर दृश्यता कम होने के कारण रेस्क्यू रोकना पड़ा।
सोमवार सुबह एक बार फिर इमनेश की तलाश शुरू की गई। इसी दौरान नदी की सतह पर एक शव दिखाई दिया। सूचना मिलने पर पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला। शव की पहचान इमनेश अंसारी के रूप में हुई।
हादसे के बाद दोनों बच्चों के परिवारों में मातम पसरा है। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान परिजन और मोहल्ले के लोग लगातार नदी किनारे मौजूद रहे। तीन दिन तक इमनेश की तलाश जारी रही। शव मिलने के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।



