HomeUncategorizedघुनघुट्टा डेम में 19 वर्षीय कॉलेज छात्र की डूबने से मौत, एसडीआरएफ...

घुनघुट्टा डेम में 19 वर्षीय कॉलेज छात्र की डूबने से मौत, एसडीआरएफ ने निकाला शव

अंबिकापुर शहर से लगभग 10 किलोमीटर दूर घुनघुट्टा डेम में एक 19 वर्षीय कॉलेज छात्र की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान मणिपुर थाना क्षेत्र के बिलासपुर चौक निवासी रीतिक साहू (19) के रूप में हुई है। शुक्रवार दोपहर एसडीआरएफ की टीम ने उसका शव बाहर निकाला। शव घुनघुट्टा डेम के गेट के पास फंसा हुआ था। घटना से मृतक के स्वजन सदमे में हैं।

जानकारी के अनुसार रीतिक गुरुवार दोपहर बाद स्कूटी से घुनघुट्टा डेम पहुंचा था। प्रत्यक्षदर्शी मछुआरों और वहां मौजूद कर्मचारियों ने बताया कि युवक ने अचानक ऊपर से डेम में छलांग लगा दी। लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी की गहराई अधिक होने से उसे बचाया नहीं जा सका।

सूचना पर दरिमा पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन शाम और अंधेरा होने के कारण तलाशी अभियान शुरू नहीं हो सका। शुक्रवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कई घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर करीब एक बजे शव बरामद किया गया। शव डैम के गेट के नजदीक बरामद हुआ।

उत्साही कॉलेज छात्र की डैम में डूबने से मौत को लेकर कोई कारण सामने नहीं आया है। जब दोस्तों और परिचितों ने उसके इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म के आइडी को जांचना शुरू किया तो इंस्टाग्राम में स्टेटस दिखा। दोस्तों ने बताया कि डेम जाने से कुछ देर पहले रीतिक ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म आशिकी-2 का एक दृश्य स्टेटस के रूप में लगाया था।

उल्लेखनीय है कि फिल्म आशिकी-2 में भी हीरो अंत में पुल के ऊपर खड़े होकर पानी में छलांग लगा देता है। हालांकि युवक ने जो स्टेटस लगाया था और उसकी मौत के बीच कोई सीधा संबंध है या नहीं, यह स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

रीतिक के पिता लक्ष्मण साहू की कई वर्ष पूर्व मैनपाट क्षेत्र में सड़क हादसे में मौत हो गई थी। इसके बाद उसकी मां अपने मायके बिलासपुर चौक में आकर रहने लगी और काम कर दोनों बच्चों का पालन-पोषण कर रही थी। रीतिक इकलौता बेटा था। उसकी एक बहन भी है। स्वजन के अनुसार रीतिक पढ़ने में मेधावी था।

उसने इस वर्ष शहर के एक निजी स्कूल से 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की थी और इसी वर्ष कॉलेज में प्रवेश लिया था। इकलौते बेटे की मौत से परिवार सदमे में है। उन्हें समझ नहीं आ रहा है कि आखिर रीतिक ने ऐसा कदम क्यों उठाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular