
झारखंड के जमशेदपुर में शनिवार को मरीन ड्राइव के पास रेस्टोरेंट में हुए गोलीकांड के बाद फरार चार संदिग्ध शूटरों को छत्तीसगढ़ की अंबिकापुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शूटरों ने झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता समेत 4 लोगों पर फायरिंग की थी। घटना के बाद चारों फरार हो गए थे। झारखंड पुलिस संदिग्धों का लोकेशन ट्रेस कर रही थी। पुलिस की सूचना पर ओडिशा और छत्तीसगढ़ में नाकेबंदी कर वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान अंबिकापुर की मणिपुर थाना पुलिस ने चारों संदिग्ध शूटरों को हिरासत में लिया। इसके बाद झारखंड पुलिस को जानकारी दी गई। फिलहाल, झारखंड पुलिस अंबिकापुर पहुंच चुकी है। संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और गोलीकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें झारखंड पुलिस के हवाले किया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब 1 बजे जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र में मरीन ड्राइव के पास स्थित रेस्टोरेंट में घुसकर युवकों ने झारखंड मुक्ति मोर्चा नेता और उनके साथियों पर 11 राउंड फायरिंग की। फायरिंग में जेएमएम के नेता डोमिनिक सैंमसंग समेत रिजवान, कृष्णा चौधरी और दिलशाद को गोली लगी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) भेजा। यहां सभी का इलाज चल रहा है। चारों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
गोलीबारी के बाद आरोपी कार में सवार होकर फरार हो गए। झारखंड पुलिस संदिग्धों का लगातार लोकेशन ट्रेस कर रही थी। पुलिस ने ओडिशा और छत्तीसगढ़ पुलिस को भी अलर्ट किया था। सोमवार सुबह मणिपुर थाना क्षेत्र में पुलिस टीम वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक अर्टिगा कार को रोककर तलाशी ली। कार में सवार चारों लोगों को हिरासत में लिया गया। इसकी सूचना झारखंड पुलिस को दी गई। बताया गया है कि आरोपी गोलीकांड के बाद ओडिशा फरार हो गए थे। वे ओडिशा से छत्तीसगढ़ में घुसे थे और झारखंड की ओर जा रहे थे।
संदिग्धों की पहचान रमेश कुमार, मनोज उर्फ मंटू सरकार, दीपू ओझा और शंकर मुंडा के रूप में हुई है। चारों जमशेदपुर के रहने वाले हैं। सूचना मिलने पर झारखंड पुलिस अंबिकापुर पहुंची। पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में गोलीकांड में चारों के शामिल होने की बात सामने आई है।
मणिपुर थाना प्रभारी सीपी तिवारी ने बताया कि झारखंड पुलिस की टीम अंबिकापुर पहुंच गई है। संदिग्धों की अर्टिगा कार की तलाशी ली गई, लेकिन उनके पास से कोई हथियार नहीं मिला। संदिग्धों की मेडिकल जांच कराई जाएगी। इसके बाद उन्हें झारखंड पुलिस के हवाले करेगी। फिलहाल संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और गोलीकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
इससे जुड़ी एक अन्य खबर के मुताबिक, जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र में मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के पास शनिवार को ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। बदमाशों ने मॉल के एक रेस्टोरेंट में बैठे चार युवकों को निशाना बनाया। सभी युवक घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, शनिवार को करीब एक बजे तीन अपराधी उदिपी रेस्टोरेंट पहुंचे और वहां अंधाधुंध फायरिंग कर दी।



