जशपुरनगर, 28 सितम्बर 2026। आगामी शारदीय नवरात्रि पर्व को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में विगत दिवस श्री बालाजी मंदिर परिसर जशपुर में जशपुर गरबा महोत्सव समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष मनोज रमाकांत मिश्रा द्वारा की गई। बैठक में जशपुर गरबा महोत्सव 2026 को पिछले वर्षों की तुलना में और अधिक भव्य एवं धूमधाम से मनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। अध्यक्ष मिश्रा द्वारा सभी सदस्यों को आवश्यक मार्गदर्शन देते हुए आयोजन को सफल बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया गया।
बैठक में आयोजन स्थल की साज-सज्जा, सुरक्षा व्यवस्था, विद्युत व्यवस्था, साउंड सिस्टम, प्रतिभागियों के लिए पुरस्कार एवं श्रद्धालुओं की सुविधा सहित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। साथ ही सभी तैयारियों के मद्देनजर उपस्थित सदस्यों को अपनी-अपनी जिम्मेदारी सौंपी गई।
समिति द्वारा निर्णय लिया गया है कि स्थानीय स्कूलों के बच्चों को भी इस महोत्सव से जोड़ा जाएगा। बच्चों द्वारा ग्रुप झांकी, भक्ति नृत्य एवं अन्य भक्तिमय सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति के लिए आमंत्रित किया जाएगा। रुचि रखने वाले विद्यालयों के छात्र-छात्राएं इच्छानुसार अपनी प्रस्तुति दे सकते हैं, इसके लिए समिति से पहले संपर्क कर सूचना देना अनिवार्य होगा।
साथ ही समिति के द्वारा गरबा के साथ-साथ अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी, जिसके लिए रूपरेखा तैयार करने पर चर्चा की गई। नवरात्रि के सभी दिनों के लिए ड्रेस कोड और गरबा नृत्य की रूपरेखा तय करने पर विशेष जोर दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष शारदीय नवरात्रि की शुरुआत 11 अक्टूबर 2026, रविवार से हो रही है।



