कबीरधाम जिले के एक छोटे से गांव की वर्षों पुरानी कसक आखिरकार खुशी में बदल गई है। जिले के चंडालपु गांव का नाम अब आधिकारिक रूप से चंदनपुर कर दिया गया है। शासन ने नाम परिवर्तन का राजपत्र में विधिवत प्रकाशन कर दिया है, जिससे अब यह नया नाम सरकारी रिकॉर्ड और शासकीय वेब पोर्टल में स्थायी रूप से दर्ज रहेगा।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा शुक्रवार रात गांव में पहुंचे और राजपत्र की प्रति सौंपते हुए ग्रामीणों को बधाई दी। तेज बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में ग्रामीण इस मौके पर मौजूद रहे और उन्होंने उपमुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस खुशी के मौके पर ग्रामीणों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई।
उपमुख्यमंत्री ने गांव के विकास के लिए 11.70 लाख रुपये की घोषणा की, जिसमें सीसी रोड और सामुदायिक भवन का निर्माण शामिल है। उन्होंने यह भी बताया कि ग्रामीणों की सुविधा के लिए एक विशेष शिविर लगाया जाएगा, जिसमें आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेजों में गांव का नाम बदलने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
ग्रामीण लंबे समय से गांव का नाम बदलने की मांग कर रहे थे। नाम बदलने से गांव की पहचान को लेकर जो हीन भावना थी, वह अब खत्म हो गई है। राजपत्र जारी होने के बाद गांव में जश्न का माहौल है।



