HomeUncategorizedकैंसर पीड़ितों की मदद के नाम पर बड़ा ठगी का गिरोह, 6...

कैंसर पीड़ितों की मदद के नाम पर बड़ा ठगी का गिरोह, 6 महीने की जांच में खुलासा

रायपुर के चौक-चौराहों पर कैंसर पीड़ितों की मदद के लिए दान मांगने वाले लोगों का एक बड़ा ठगी गिरोह सामने आया है। 6 महीने तक चली जांच में यह सच उजागर हुआ है कि मदद के नाम पर जनता को लूटा जा रहा है। मदद मांगने वाले डिब्बों पर ‘सोसायटी फॉर कैंसर एंड रिसर्च ऑर्गेनाइजेशन’ संस्था का जिक्र है, जिसमें दावा किया गया है कि वह सरकार से मान्यता प्राप्त है।

इस पर लिखे नंबर पर संपर्क करने पर जावेद नाम के व्यक्ति से बात हुई। उसने खुद को संस्था का अध्यक्ष बताया। उसने खुद स्वीकारा कि वह दो तरीके से लोगों को चौराहों पर खड़ा करता है – दिहाड़ी और सैलरी पर। दिहाड़ी के तौर पर 300-400 रुपए रोज दिए जाते हैं। सैलरी के तौर पर 15 हजार रुपए महीने होते हैं। दान में मिलने वाला सारा पैसा जावेद के पास ही जाता है।

यह जानने के लिए कि इन पैसों से लोगों की मदद हो रही है या नहीं, जावेद को एक कैंसर पीड़ित की मेडिकल रिपोर्ट भेजी गई। जावेद ने 10 तरह के कागजात मांगे, जिससे एक सामान्य कैंसर मरीज को देना नामुमकिन है। इसमें पुलिस स्टेशन से पत्र लेकर विधायक तक के आवेदन शामिल हैं। जब सभी कागजात बनवाने के लिए तैयार हो गए तो ऊंची जाति का बहाना बनाकर मदद करने से मना कर दिया। इससे साफ है कि सिर्फ कैंसर के नाम पर सहानुभूति लेकर जनता को लूटा जा रहा है।

संस्था की वेबसाइट scrorg.com को सरकारी तरह से डिजाइन किया गया है। वेबसाइट पर संस्था का रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट लगा है। बाकी कितने लोगों को अब तक मदद दी गई है, इसकी कोई सूची नहीं है। मदद लेने से पहले 10 दस्तावेज भी देने होंगे, इसका भी जिक्र नहीं है। सिर्फ अकाउंट नंबर और पता लिखा है।

मदद मांगने वाले दिहाड़ी के लोग 7 से अधिक जगहों पर खड़े होते हैं। कलेक्टोरेट, शंकर नगर, पंडरी, जयस्तंभ, तेलीबांधा, डॉ. अंबेडकर अस्पताल और फाफाडीह चौक समेत कई जगहों पर मदद मांगने के लिए संस्था के डब्बे लेकर लोग खड़े रहते हैं। कलेक्टोरेट के पास भारती और सुरेंद्र पांडे खड़े होते हैं। सुरेंद्र ने बताया कि पत्नी भारती के साथ मैं कई दिनों से संस्था से जुड़ा हूं। मैं खुद भी कैंसर मरीज हूं। दान की राशि में से कुछ मदद मुझे भी मिल जाती है।

शास्त्री चौक पर दो लोग खड़े मिले। वहां खड़े अजय पांडे नामक युवक ने बताया कि वह तीन साल से वालंटियर के तौर पर संस्था में काम कर रहा है। वे रोज 3 से 4 घंटे शाम को यहां खड़े होते हैं, इसके लिए उन्हें संस्था से रोजाना 300 से 400 रुपए मिलते हैं। अजय ने बताया कि हर दिन लगभग 700-800, कभी हजार रुपए से ज्यादा भी मिल जाते हैं। यह राशि हमें दिल्ली हेड ऑफिस भेजनी होती है।

डोनेशन कलेक्ट करने वाले वालंटियर के पास लगी तख्ती पर संस्था के दफ्तर का पता आरजेड-21 बी, अर्जुन पार्क, नजफगढ़, नई दिल्ली लिखा है। जांच टीम इस पते पर पहुंची तो वहां करीब 100 गज का तीन मंजिला मकान था। यहां रहने वाले परिवार ने बताया कि संस्था के नाम पर कई लोग पूछने आते हैं। हम परेशान हैं। यहां कोई दफ्तर नहीं है। एक बार तो पुलिस भी पूछताछ करने आ गई थी। पड़ोस के ही मोनू पांडे ने बताया कि यहां ऐसा कोई संस्था नहीं है। हम कई साल से यहां रह रहे हैं, लेकिन कभी कोई संस्था के बारे में सुना तक नहीं है।

संस्था के अध्यक्ष बताने वाले जावेद से बातचीत के अंश: जब पूछा गया कि संस्था से जुड़ना है तो जावेद ने कहा कि वॉट्सएप पर आधार कार्ड भेज दिए। उसमें आवेदन कीजिए कि हमें वालंटियर जॉब की जरूरत है। कमेटी के सामने आपकी बात रखी जाएगी। वॉलंटियर के लिए नौकरी छोड़नी होगी तो जावेद ने कहा कि फुल टाइम और पार्ट टाइम करते हैं। कुछ लोग फ्री में सेवा देते हैं, जब उन्हें समय मिलता है। फुल टाइम का 15000 महीने मिलेगा। चौराहे पर दिनभर डब्बा लेकर खड़ा रहना होगा तो जावेद ने कहा कि यह भी कर सकते हैं या फिर पर्ची लेकर घर-घर, स्कूल, बैंक या ऑफिस जाना होता है। हमारे वालंटियर पूरे देश में हैं। टारगेट के बारे में पूछने पर जावेद ने कहा कि सैलरी में से नहीं काटते हैं, लेकिन काम ऐसे ही लोगों को देते हैं जो पैसा ला सकें। रिपोर्टिंग के बारे में जावेद ने कहा कि सप्ताह में एक बार हिसाब किताब करना होता है। मैनेजर आपके पास जाएंगे उन्हें पैसा देना होगा। पार्ट टाइम का कितना देते हैं तो जावेद ने कहा कि बेस्ट लोकेशन आपको खोजना होगी। 15 दिन ट्रेनिंग में रहेंगे। उसका कुछ मिलेगा, फिक्स वेतन नहीं रहेगा। आपको हर दिन 2-3 घंटे काम करना होगा। काम देखेंगे तब आगे काम दिया जाएगा।

एनजीओ जरूरतमंद की मदद कर रहा है या नहीं, यह जांचने के लिए जावेद से एक बार फिर बात की गई। जब पूछा गया कि मेरे मित्र के पिता को कैंसर है। वे बहुत गरीब हैं, मदद मिलेगी क्या तो जावेद ने कहा कि आप उनके दस्तावेज भेजिए। फिर बताते हैं। कौन-कौन से दस्तावेज पूछने पर जावेद ने बताया – पासपोर्ट साइज फोटो-4, कैंसर सोसाइटी के नाम आवेदन, जांच रिपोर्ट, प्रिसिकिप्शन, आईडी प्रूफ, आय प्रमाण पत्र, खर्च का प्रमाण, पुलिस स्टेशन से पत्र, विधायक-सांसद का पत्र, एफीडेविट। जब एक कैंसर पेशेंट की जांच रिपोर्ट भेजी गई, जिसका नाम सैय्यद से शुरू होता है, और कहा गया कि अगर मदद करें तो ये सभी दस्तावेज तैयार करवाएं, तो जावेद ने कहा कि इन्हें तो मदद नहीं मिल सकती। ये ऊंची जाति के हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular