HomeUncategorizedमहुआपारा हत्या का राजफाश: दुष्कर्म की कोशिश का विरोध कर 17 वर्षीय...

महुआपारा हत्या का राजफाश: दुष्कर्म की कोशिश का विरोध कर 17 वर्षीय किशोरी ने चौकीदार की हत्या की, बाल संप्रेक्षण गृह भेजी गई

सूरजपुर के महुआपारा स्थित एक निर्माणाधीन मकान में रविवार रात चौकीदार सीताराम सिंह गोंड़ 65 वर्ष की हत्या के मामले में पुलिस ने राजफाश किया है। पुलिस के अनुसार दुष्कर्म की कोशिश का विरोध करते हुए 17 वर्षीय किशोरी ने पहले सब्बल से सीताराम के सिर पर वार किया और इसके बाद ब्लेड से उसका गला काट दिया।

सोमवार सुबह मजदूरों ने निर्माणाधीन मकान से एक युवती को निकलकर भागते देखा था। यही सुराग पुलिस के लिए अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में अहम कड़ी साबित हुआ। पुलिस ने किशोरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या करना स्वीकार किया।

पुलिस के मुताबिक किशोरी ने बताया कि वह मृतक को ”बाबा” कहकर बुलाती थी और उसके पास आती-जाती रहती थी। रविवार रात भी वह निर्माणाधीन मकान में उसके पास सोई थी।

किशोरी के कथन के अनुसार इसी दौरान सीताराम ने उसके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की। उसने विरोध करते हुए पास रखे सब्बल से उसके सिर पर वार किया। इसके बाद ब्लेड से गला काट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

नाबालिग होने के कारण पुलिस ने किशोरी को बाल न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर उसे बाल संप्रेक्षण गृह अंबिकापुर भेज दिया गया है।

पुलिस घटना से जुड़े साक्ष्यों और किशोरी के कथन का परीक्षण करते हुए मामले की विवेचना कर रही है। हत्या में प्रयुक्त सामान सहित अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular