HomeUncategorizedमां दंतेश्वरी मंदिर की दान पेटी से निकले 12 लाख 61 हजार...

मां दंतेश्वरी मंदिर की दान पेटी से निकले 12 लाख 61 हजार 260 रुपये, सोने के आभूषण और मन्नतों भरे पत्र भी मिले

जगदलपुर के सिरहासार स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर की दान पेटी खोले जाने के दौरान मंगलवार को भावुक कर देने वाला नजारा सामने आया। मां दंतेश्वरी के दरबार में श्रद्धालु अपनी श्रद्धा के साथ केवल धन और आभूषण ही नहीं चढ़ाते, बल्कि अपने मन की उम्मीदें और मन्नतें भी मां के चरणों में समर्पित करते हैं। दान पेटी से 12 लाख 61 हजार 260 रुपये की राशि निकली। इसके साथ ही सोने के आभूषण और अनेक ऐसे पत्र मिले, जिनमें श्रद्धालुओं ने मां से अपने जीवन की परेशानियां दूर करने और मनोकामना पूरी करने की प्रार्थना की थी।

दान पेटी से निकली राशि में 500 रुपये के 1372 नोट, 200 रुपये के 380 नोट, 100 रुपये के 3253 नोट, 50 रुपये के 3138 नोट, 20 रुपये के 89 नोट और 10 रुपये के 188 नोट शामिल रहे। नोटों का कुल मूल्य 12 लाख 47 हजार 860 रुपये रहा। इसके अलावा सिक्कों के रूप में 13 हजार 400 रुपये मिले। इस तरह दान पेटी से कुल 12 लाख 61 हजार 260 रुपये प्राप्त हुए।

दान पेटी से सोने के आभूषण भी मिले। इनमें सोने का लाकेट, ओम, बड़ी नथनी, सोने का तार, सोने का सिक्का, सोने की जोड़ी, पांच पुली वाला सोने का लाकेट, सोने का टुकड़ा और सोने की चेन सहित अन्य सामग्री शामिल है। इन आभूषणों का मूल्यांकन और विवरण मंदिर समिति द्वारा नियमानुसार दर्ज किया जाएगा।

सबसे मार्मिक पक्ष दान पेटी से निकले वे कागज रहे, जिन पर श्रद्धालुओं ने अपनी मनोकामनाएं लिखकर मां के चरणों में अर्पित की थीं। किसी ने पत्र में नौकरी मिलने की प्रार्थना थी तो किसी में अपने प्रेम और रिश्ते की रक्षा की गुहार। कई पत्रों में परिवार की सुख-शांति, मनोकामना पूर्ण होने और जीवन की परेशानियां दूर करने की प्रार्थना लिखी मिली।

इन छोटे-छोटे कागजों पर लिखे शब्द बताते हैं कि श्रद्धालुओं के लिए मां का दरबार केवल पूजा का स्थान नहीं, बल्कि अपनी पीड़ा और उम्मीद सौंपने का भी स्थान है। दान पेटी से मिले इन पत्रों ने मंदिर में मौजूद लोगों को भावुक कर दिया।

दान पेटी खोलने के दौरान तहसीलदार राहुल गुप्ता, टेंपल कमेटी के पदाधिकारी विजय भारत, अर्जुन श्रीवास्तव, मंदिर के पुजारी कृष्णा पाढी सहित बैंक कर्मचारी और अन्य लोग उपस्थित रहे। मंदिर में दान पेटी खोले जाने की प्रक्रिया नियमानुसार पूरी की गई।

RELATED ARTICLES

Most Popular