HomeUncategorizedसेट प्रवेश पत्र जारी, चार अक्टूबर को 10 जिलों में परीक्षा; एसएसबी...

सेट प्रवेश पत्र जारी, चार अक्टूबर को 10 जिलों में परीक्षा; एसएसबी ने मॉडल आंसर भी किया जारी

राज्य पात्रता परीक्षा (सेट) के प्रवेश पत्र सोमवार को जारी कर दिए गए हैं। अभ्यर्थी कर्मचारी चयन बोर्ड (एसएसबी) की वेबसाइट www.cgssb.cgstate.gov.in पर उपलब्ध लिंक से प्रोफाइल लॉगिन कर प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षा चार अक्टूबर को 10 जिलों में होगी।

प्रथम पाली में पेपर-1 सुबह 10 से 11:15 बजे और द्वितीय पाली में पेपर-2 दोपहर दो से 4:15 बजे तक आयोजित किया जाएगा। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से कम से कम दो घंटे पहले पहुंचना होगा। पहचान सत्यापन और फ्रिस्किंग के बाद ही प्रवेश मिलेगा।

प्रथम पाली के लिए सुबह 9:30 बजे और दूसरी पाली के लिए दोपहर 1:30 बजे मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद प्रवेश नहीं मिलेगा।

अभ्यर्थी प्रवेश पत्र के सभी पेज का एक तरफ प्रिंट निकालकर साथ लाएं। इसके साथ फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र जैसे आधार, मतदाता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस या पैन कार्ड लाना अनिवार्य है।

कर्मचारी चयन मंडल (एसएसबी) की ओर से 20 सितंबर रविवार को आयोजित नमूना सहायक, प्रयोगशाला सहायक भर्ती परीक्षा के मॉडल आंसर जारी कर दिए गए हैं। अभ्यर्थी 30 सितंबर बुधवार तक दावा आपत्ति दर्ज करवा सकते हैं। भर्ती परीक्षा के मॉडल आंसर मंडल की वेबसाइट www.cgssb.cgstate.gov.in पर उपलब्ध है। अभ्यर्थी वेबसाइट में जाकर मॉडल आंसर देख सकते हैं।

अभ्यर्थी अपनी प्रोफाइल से प्रति सवाल 50 रुपये का शुल्क देकर ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करवा सकते हैं। ऑफलाइन और बिना शुल्क के आपत्ति मान्य नहीं की जाएगी। आपत्ति सही होने पर अभ्यर्थी का शुल्क वापस किया जाएगा। बता दें कि लगभग 34 हजार अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी।

खाद्य विभाग की तरफ से नमूना सहायक और प्रयोगशाला सहायक के 36 पदों में भर्ती के लिए परीक्षा आयोजित की गई है। इनमें नमूना सहायक के 30 पद और प्रयोगशाला सहायक के छह पद हैं। नमूना सहायक में नौ पद अनारक्षित, पांच अनुसूचित जाति, 13 अनुसूचित जनजाति और तीन पद अति पिछड़ा वर्ग के लिए हैं। इन्हीं 30 पदों में छह पद महिला, एक पद भूतपूर्व सैनिक के लिए भी आरक्षित है।

RELATED ARTICLES

Most Popular