HomeUncategorizedस्व.शत्रुंजय प्रताप सिंह जूदेव मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता में अंबिकापुर बना दूसरी बार...

स्व.शत्रुंजय प्रताप सिंह जूदेव मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता में अंबिकापुर बना दूसरी बार चैंपियन, उड़ीसा को 9 विकेट से हराया।

जशपुरनगर -: स्व.शत्रुंजय प्रताप सिंह जूदेव मेमोरियल फ्लड लाइट टेनिस बॉल अंतर्राज्यीय क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य समापन रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ हुआ। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में अंबिकापुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरी बार खिताब अपने नाम किया।फाइनल मुकाबले में अंबिकापुर ने उड़ीसा की टीम को एकतरफा अंदाज में 9 विकेट से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में दर्शकों का भारी उत्साह देखने को मिला। मैच के दौरान खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया, लेकिन अंबिकापुर की टीम शुरू से ही मुकाबले में हावी नजर आई। शानदार बल्लेबाजी और सटीक गेंदबाजी के दम पर टीम ने उड़ीसा को आसानी से पराजित कर लगातार दूसरी बार विजेता बनने का गौरव हासिल किया।

फाइनल मैच के अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जशपुर विधायक रायमुनि भगत, कलेक्टर रोहित व्यास, कृष्ण कुमार राय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष यश प्रताप सिंह जूदेव, अपर कलेक्टर हरिओम द्विवेदी एवं गंगा राम भगत उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार वितरित किए।

मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि खेल प्रतियोगिताएं युवाओं में अनुशासन, एकता और खेल भावना विकसित करने का माध्यम हैं। उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

प्रतियोगिता को सफल बनाने में आयोजक समिति यंग तिरंगा जशपुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन में अनु विश्वकर्मा, राजकुमार मामा, बिपिन सिंह, तिरुपति ज्वेलर्स सहित अन्य सहयोगियों का विशेष योगदान रहा। आयोजन समिति ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों एवं दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे भव्य आयोजन कराने की बात कही।

RELATED ARTICLES

Most Popular