
जशपुरनगर- ग्राम पंचायत सन्ना के सरपंच अरविंद कुजूर के खिलाफ उप-सरपंच, वार्ड पंचों और ग्रामीणों ने गंभीर शिकायतें दर्ज कराते हुए उन्हें छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम की धारा 40 के तहत पद से हटाने की मांग की है।पंचों द्वारा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को सौंपे गए शिकायत पत्र में सरपंच पर शासकीय योजनाओं में लापरवाही, पेयजल व्यवस्था की अनदेखी, निर्माण कार्यों में नियमों का उल्लंघन, फर्जी एस्टीमेट तैयार कराने का दबाव, एक ही कार्य में दो बार राशि आहरित करने, पंचायत करों की अवैध माफी तथा पंचों पर जबरन हस्ताक्षर कराने जैसे आरोप लगाए गए हैं।
वहीं ग्रामीणों के एक अन्य समूह ने सरपंच पर ग्राम सन्ना की शासकीय भूमि (खसरा नंबर 1735/1) पर अवैध कब्जा कर मकान निर्माण कराने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि उक्त भूमि निस्तार भूमि के रूप में उपयोग होती थी और निर्माण के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है। मामले में तहसीलदार द्वारा स्थगन आदेश जारी किए जाने का भी उल्लेख किया गया है।
सन्ना ग्राम पंचायत में घमासान: भ्रष्टाचार, अवैध कब्जे और विकास कार्यों में बाधा के गंभीर आरोप, सरपंच ने खोला मोर्चा
शिकायतकर्ताओं ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोष सिद्ध होने पर सरपंच के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई और पद से पृथक करने की मांग की है। शिकायत की प्रतिलिपि कलेक्टर जशपुर, जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत बगीचा के अधिकारियों को भी भेजी गई है।
नोट: समाचार में उल्लेखित सभी आरोप शिकायतकर्ताओं द्वारा लगाए गए हैं। प्रशासनिक जांच के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।



