HomeUncategorizedसन्ना में अघोषित बिजली कटौती से ग्रामीण परेशान, दिन-रात हो रही कटौती...

सन्ना में अघोषित बिजली कटौती से ग्रामीण परेशान, दिन-रात हो रही कटौती से बढ़ी मुश्किलें।

सन्ना तहसील अंतर्गत आने वाले सभी ग्रामों में इन दिनों अघोषित बिजली कटौती से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कभी पूरे दिन तो कभी पूरी रात बिजली आपूर्ति बाधित रहती है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।बरसात का मौसम शुरू होने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में सर्पदंश जैसी घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। ऐसे समय में लगातार बिजली गुल रहने से लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। रात के अंधेरे में आवागमन, बच्चों की पढ़ाई, घरेलू कार्य और किसानों की दैनिक गतिविधियाँ भी प्रभावित हो रही हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली आपूर्ति बाधित होने के बावजूद विभाग के कर्मचारी न तो समय पर समस्या का समाधान करते हैं और न ही कटौती के कारणों की जानकारी देते हैं। इससे लोगों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।

गौरतलब है कि सन्ना में विद्युत विभाग द्वारा उपकेंद्र की स्थापना भी की गई है, ताकि क्षेत्र के उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सके। इसके बावजूद अघोषित कटौती की समस्या लगातार बनी हुई है, जिससे उपकेंद्र की उपयोगिता पर भी सवाल उठने लगे हैं।

ग्रामीणों ने मांग की है कि विद्युत विभाग शीघ्र अघोषित बिजली कटौती पर रोक लगाए, खराब विद्युत व्यवस्था में सुधार करे तथा यदि किसी तकनीकी कारण से बिजली आपूर्ति बाधित होती है तो उसकी पूर्व सूचना उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराई जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

RELATED ARTICLES

Most Popular