HomeUncategorizedरायगढ़ में अवैध कबाड़ परिवहन पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1.21 करोड़...

रायगढ़ में अवैध कबाड़ परिवहन पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1.21 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में पुलिस ने शनिवार को अवैध तरीके से कबाड़ परिवहन के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने 6 मामलों में 129.840 टन लोहे-टीन और अन्य स्क्रैप जब्त किया है। इसकी कीमत करीब 53.60 लाख रुपए है। पुलिस ने स्क्रैप से लदे 6 वाहन भी पकड़े हैं, जिनकी कीमत करीब 68 लाख रुपए है। इस तरह कुल 1.21 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त की गई है। यह स्क्रैप बिना जरूरी दस्तावेजों के प्लांटों में खपाने के लिए ले जाया जा रहा था। मामला पूंजीपथरा थाना क्षेत्र का है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि 14 चक्का ट्रक में टीन, लोहे के टुकड़े, राड और वाहनों के पार्ट्स का स्क्रैप लोड कर रायगढ़ से पूंजीपथरा स्थित एक प्लांट में खपाने के लिए ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने रायगढ़ रोड स्थित स्केनिया प्लांट के पास संदिग्ध ट्रक को रोका। ड्राइवर ने अपना नाम राकेश गिरी (32), निवासी गोसाईपुर, थाना रामपुर, जिला जौनपुर, उत्तर प्रदेश बताया।

ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें 23.990 टन स्क्रैप मिला। इसकी कीमत करीब 8.49 लाख रुपए और ट्रक की कीमत करीब 15 लाख रुपए आंकी गई। ड्राइवर ने बताया कि स्क्रैप सरगुजा से लोड किया गया था और इसे प्लांट में खपाने के लिए लाया जा रहा था। लेकिन वह स्क्रैप और उसे ले जाने से जुड़े जरूरी कागज नहीं दिखा सका। पुलिस ने प्लांट से भी संपर्क किया, लेकिन वहां से स्क्रैप के एंट्री पास और दूसरे जरूरी कागज नहीं मिले। चोरी का माल होने के शक में पुलिस ने ट्रक और स्क्रैप जब्त कर ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज किया।

इसी दौरान पुलिस को दोबारा सूचना मिली कि रायगढ़ रोड और पूंजीपथरा-तमनार चौक की ओर से कई वाहनों में भारी मात्रा में लोहे-टीन का स्क्रैप लोड कर प्लांटों में खपाने के लिए ले जाया जा रहा है। पुलिस ने तत्काल नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। इस दौरान 5 वाहनों को रोककर जांच की गई। इनमें टीन, लोहे के टुकड़े, राड, वाहनों के पार्ट्स और अन्य स्क्रैप लोड मिला।

पूंजीपथरा पुलिस ने 6 अलग-अलग कार्रवाई में कुल 129.840 टन स्क्रैप जब्त किया है। इसकी कीमत करीब 53.60 लाख रुपए है। इसके साथ 6 वाहन भी जब्त किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 68 लाख रुपए है। इस तरह कुल जब्त संपत्ति की कीमत करीब 1.21 करोड़ रुपए है। पुलिस अब जब्त स्क्रैप के स्रोत, परिवहन और संभावित खपत के संबंध में जांच कर रही है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि ऑपरेशन प्रहार के तहत चोरी के अपराधों पर अंकुश लगाने के साथ चोरी के माल की खपत, अवैध कबाड़ के परिवहन और संदिग्ध कबाड़ कारोबार पर नजर रखी जा रही है। कबाड़ के नाम पर चोरी के माल को खपाने या बिना वैध दस्तावेजों के संदिग्ध स्क्रैप का परिवहन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में वाहन मालिक, परिवहनकर्ता और माल की खपत से जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच की जाएगी।

इससे जुड़ी एक अन्य घटना में, रायगढ़ जिले में पुलिस ने अवैध स्क्रैप से भरे टाटा माजदा वाहन को पकड़ा है। पुलिस को देखकर चालक वाहन लेकर भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। वाहन से 4.5 टन लोहा-टीन स्क्रैप बरामद हुआ। पुलिस ने स्क्रैप और वाहन समेत करीब 15.50 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की है। मामला घरघोड़ा थाना क्षेत्र का है।

RELATED ARTICLES

Most Popular