HomeUncategorizedबिलासपुर के चोरभट्टी में नाबालिगों ने भूत बनकर राहगीरों को डराया, पुलिस...

बिलासपुर के चोरभट्टी में नाबालिगों ने भूत बनकर राहगीरों को डराया, पुलिस ने दी समझाइश

बिलासपुर के सकरी क्षेत्र के चोरभट्टी में कुछ नाबालिग रात के समय भूत बनकर राहगीरों को डराते थे। उनका ही एक साथी इस पूरी हरकत का वीडियो बनाता था। बच्चों की इस हरकत से कई लोग डर जाते थे। गांव के लोगों ने बच्चों को पकड़कर इसकी जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने उनके स्वजन और गांव के लोगों की मौजूदगी में बच्चों को समझाइश दी।

सकरी टीआई उमेश साहू ने बताया कि डायल 112 पर सूचना मिली थी कि कुछ लोग कोटा रोड पर भूत बनकर राहगीर को डरा रहे हैं। इस सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची थी। मौके पर गांव के लोगों ने कुछ नाबालिग को पकड़ रखा था। बच्चों के स्वजन भी मौके पर मौजूद थे।

पूछताछ में पता चला कि गांव के बच्चे लोगों को डराने और वीडियो बनाने के उद्देश्य से भूत बनकर अचानक सामने आ जा रहे थे। इससे कई लोग डर रहे थे। बच्चे इसका मोबाइल पर वीडियो भी बनवाते थे। पूछताछ में यह भी पता चला कि सभी नाबालिग हैं।

डायल 112 की टीम ने इसकी शिकायत थाने में करने के लिए कहा। लेकिन गांव का मामला होने और घटना में बच्चों के शामिल होने के कारण किसी ने इसकी शिकायत थाने में नहीं की। डायल 112 की टीम ने स्वजन और गांव वालों की मौजूदगी में बच्चों को समझाइश दी गई।

RELATED ARTICLES

Most Popular