कोरबा जिले के करतला क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बुंदेली स्थित एक प्लास्टिक फैक्ट्री में शनिवार सुबह अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया और धुएं का काला गुबार आसमान में उठने लगा।
फैक्ट्री से धुआं और आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई। इस भीषण अग्निकांड में फैक्ट्री के भीतर रखी मशीनें और भारी मात्रा में प्लास्टिक का सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर एकत्र हुए और अपने स्तर पर उपलब्ध संसाधनों तथा पानी के सहारे आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत और सूझबूझ के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका।
समय रहते यदि आग को नहीं रोका जाता, तो यह आसपास के इलाकों में फैल सकती थी और एक बड़ा हादसा रूप ले सकती थी। धुएं के भारी गुबार के कारण स्थानीय लोगों को सांस लेने और देखने में कुछ समय तक परेशानी का सामना भी करना पड़ा।
आग लगने की मुख्य वजह का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। प्राथमिक स्तर पर शॉर्ट सर्किट या अन्य किसी वजह से आग भड़कने की आशंका जताई जा रही है।
हादसे में कितना वित्तीय नुकसान हुआ है, इसका सटीक आकलन फैक्ट्री प्रबंधन और प्रशासनिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।



