भिलाई में चंद्रा मौर्या टॉकीज के पास शनिवार को एक सांप ने बिजली कंपनी के कर्मचारियों को घंटों हलकान कर दिया। 11 केवी लाइन के खंभे पर चढ़ा सांप डीओ यूनिट के बीच फंस गया और करंट की चपेट में आकर उसकी मौत हो गई। इसकी वजह से लाइन में फाल्ट आ गया।
घंटों जांच के बाद जब फाल्ट का कारण सामने आया, तब तक 500 से अधिक उपभोक्ताओं की बिजली गुल रही। इनमें घरों के साथ दुकानें और अन्य व्यावसायिक परिसर भी शामिल थे।
रात से बिजली आपूर्ति बाधित होने की शिकायत के बाद बिजली कंपनी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। टीम ने 11 केवी लाइन और आसपास के उपकरणों की जांच शुरू की, लेकिन काफी देर तक फाल्ट का कारण पकड़ में नहीं आया।
इसके बाद टीम ने फुट पेट्रोलिंग की। हर खंभे की बारीकी से जांच करने पर एक जगह डीपी पोल पर लगे डीओ यूनिट के बीच करीब पांच फीट लंबा मरा हुआ सांप लटकता मिला।
वह डीओ यूनिट के बीच फंसा हुआ था। सांप को वहां से हटाना भी कर्मचारियों के लिए चुनौती बनी रहा। किसी तरह कर्मचारियों ने सावधानी से सांप को हटाया और इसके बाद डीओ यूनिट व 11 केवी लाइन की जांच की। जांच पूरा होने के बाद बिजली आपूर्ति बहाल की गई।
सांप खंभे के ऊपर तक कैसे पहुंचा, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। बिजली कंपनी के कर्मचारियों के अनुसार अक्सर असढ़िया प्रजाति के सांप खंभों पर ऊपर तक पहुंच जाते हैं। संभवतः इसी दौरान यह सांप डीओ यूनिट के बीच फंस गया और करंट से उसकी मौत हो गई।
इधर इस दौरान 500 से अधिक उपभोक्ताओं को बिजली कटौती का सामना करना पड़ा। घरों के साथ दुकानों और अन्य व्यावसायिक परिसरों में भी कामकाज प्रभावित रहा।



