जशपुरनगर, 27 सितंबर 2026। तपकरा थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय नाबालिग बालिका को शादी का झांसा देकर अपने साथ भगाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने 25 वर्षीय निरोज टोप्पो को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नाबालिग बालिका को आरोपी के घर से सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया है।

पुलिस के अनुसार, 28 जून को नाबालिग बालिका अपनी सहेली के घर जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों की तलाश के बाद 10 जुलाई को थाना तपकरा में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 48/2026 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बालिका तपकरा क्षेत्र में आरोपी के घर पर मौजूद है। पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर बालिका को बरामद किया और आरोपी निरोज टोप्पो को हिरासत में लिया।
पूछताछ में बालिका ने पुलिस को बताया कि आरोपी उसे प्यार और शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म भी किया।
विवेचना और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ धारा 64(1), 87 बीएनएस और धारा 4 पॉक्सो एक्ट जोड़ी गई। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
यह कार्रवाई डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और एसडीओपी कुनकुरी के पर्यवेक्षण में थाना तपकरा पुलिस ने की।
पुलिस ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं से संबंधित अपराधों में त्वरित एवं प्रभावी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।



