कोरबा के कोतवाली थाना क्षेत्र के पावर हाउस रोड पर मस्जिद के पास बुधवार देर रात ड्यूटी से लौट रहे एएसआइ की कार ने सड़क किनारे खड़ी कार को दो बार टक्कर मार दी। घटना के बाद कार मालिक और आसपास के लोगों ने विरोध किया तो एएसआइ से बहस होने लगी। सूचना पर कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू मौके पर पहुंचे और स्थिति संभाली। मामले में कुसमुंडा थाने में पदस्थ एएसआइ अश्विनी वर्मा के खिलाफ मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई है।
बताया जा रहा है कि एएसआइ अश्विनी वर्मा बुधवार देर रात ड्यूटी खत्म कर कार से घर लौट रहे थे। पावर हाउस रोड पर मस्जिद के पास उनकी कार सड़क किनारे खड़ी एक कार से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद उन्होंने कार पीछे की और उसी कार को दोबारा टक्कर मार दी।
दो बार टक्कर की आवाज सुनकर कार मालिक और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने नुकसान को लेकर विरोध किया तो एएसआइ कार से उतरकर कार मालिक से बहस करने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि एएसआइ की स्थिति ठीक नहीं थी और वह लड़खड़ा रहे थे। इससे वहां लोगों की भीड़ जुट गई।
घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाइश देकर मामला शांत कराया। एएसआइ की हालत को देखते हुए उनकी कार एक अन्य पुलिसकर्मी चलाकर ले गया, जबकि एएसआइ को दूसरे वाहन से वहां से रवाना किया गया।
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि एएसआइ अश्विनी वर्मा के खिलाफ मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार इससे पहले भी कोतवाली थाना क्षेत्र में एएसआइ से जुड़ा मारपीट का मामला सामने आ चुका है।



