HomeUncategorizedछत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटे में कई जगह बारिश, रेंगाखार कला में...

छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटे में कई जगह बारिश, रेंगाखार कला में सर्वाधिक 70 मिलीमीटर

छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटे के दौरान कई स्थानों पर हल्की से मध्यम और एक-दो स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा 70 मिलीमीटर बारिश रेंगाखार कला में हुई।

मनोरा में 5 मिलीमीटर, पाली और चिरमिरी में 30-30 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा मरवाही, बोदारी, बेलगहना, भैयाथान, बेलतरा, रतनपुर, बैकुंठपुर, अकलतरा, खड़गवां, सोनहत, मनेंद्रगढ़, रामानुजनगर, केल्हारी और नवागढ़ में 20-20 मिलीमीटर बारिश हुई।

मौसम विभाग के अनुसार अब प्रदेश में बारिश की तीव्रता और फैलाव कम होने की संभावना है। अगले 24 घंटे में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

राजधानी रायपुर में शनिवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री दर्ज हुआ। दोनों तापमान सामान्य से 1.3 डिग्री कम रहे। 28 सितंबर को आंशिक बादल छाए रहने और एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछार पड़ने की संभावना है। अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम 25 डिग्री के आसपास रह सकता है।

प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान दुर्ग में 31.6 डिग्री दर्ज किया गया। सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रारोड और अंबिकापुर में 19 डिग्री रहा। माना विमानतल में अधिकतम 31.4 और न्यूनतम 22.5 डिग्री, बिलासपुर में 30.7 और 22.7 डिग्री तथा जगदलपुर में 31.4 और 21.6 डिग्री तापमान दर्ज हुआ।

मौसम विभाग के अनुसार मध्य उत्तर प्रदेश के उत्तरी हिस्सों पर बना कम दबाव का क्षेत्र 27 सितंबर सुबह 8.30 बजे भी उसी क्षेत्र में था। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है। इसके उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और अगले 12 घंटे में कमजोर होने की संभावना है।

उत्तर-दक्षिण द्रोणिका बिहार से झारखंड और ओडिशा होते हुए पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी तक फैली है।

पिछले 24 घंटे की बारिश के साथ मौसमी उपखंड में वर्षा सामान्य से छह प्रतिशत अधिक रही। विभाग के अनुसार 27 सितंबर से प्रदेश में बारिश की तीव्रता और फैलाव कम होने की संभावना है।

RELATED ARTICLES

Most Popular