सरकंडा के एक युवक को भाजपा युवा मोर्चा में बड़ा पद दिलाने का झांसा देकर 82.63 लाख रुपए की ठगी करने वाली शातिर महिला को सरकंडा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपित महिला निखत परवीन साबरी को मनेंद्रगढ़ के खोंगापानी से हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया।
सरकंडा के श्री विहार निवासी पीड़ित चेतन आनंद दुबे की फेसबुक के जरिए निखत परवीन से पुरानी जान पहचान हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपित महिला ने खुद को भाजपा से जुड़ा बताकर बड़े नेताओं से जान-पहचान बताई थी। शुरुआत में एक जमीन विवाद सुलझाने में मदद कर उसने चेतन का भरोसा जीत लिया।
विश्वास में लेने के बाद आरोपित महिला ने युवक को संगठन में बड़ा पद दिलाने का प्रस्ताव दिया और पार्टी फंड के बहाने अलग-अलग किस्तों में रुपये ऐंठने शुरू कर दिए। 11 जुलाई 2025 से 17 अगस्त 2026 के बीच पीड़ित ने करीब 62.63 लाख रुपये आनलाइन और 20 लाख रुपये नकद दिए। कुछ रकम आरोपित की बहन के खाते में भी ट्रांसफर करवाई गई।
लंबा समय बीतने के बाद पद नहीं मिलने पर जब पीड़ित ने अपनी रकम वापस मांगी, तो महिला ने उसे जान से मारने की धमकी दे डाली। शिकायत और बैंक ट्रांजेक्शन की जांच के बाद पुलिस ने आरोपित महिला को मनेंद्रगढ़ से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस की जांच के दौरान पता चला है कि आरोपित निखत परवीन ने मनेंद्रगढ़ में भी लोगों से ठगी की है। इसके अलावा उसके खिलाफ अपराधिक शिकायतें भी मिली हैं। पुलिस इसकी जांच कर रही है। बताया जाता है कि महिला ने मनेंद्रगढ़ में एक युवक को धमकाकर रुपये वसूले थे। पुलिस अब पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।
पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि जान पहचान के बाद निखत परवीन सालभर पहले बिलासपुर आ गई थी। वह करीब एक महीने तक युवक के साथ रही। इसके बाद वह मनेंद्रगढ़ लौट गई थी। मनेंद्रगढ़ लौटने के बाद भी दोनों के बीच संपर्क बना रहा। इस दौरान युवक उसे लगातार रुपये देता रहा। बाद में युवती ने उससे संपर्क तोड़ लिया। तब युवक ने थाने में ठगी की शिकायत की।



