HomeUncategorizedसरगुजा में नाबालिग से मारपीट, अश्लील हरकत और वीडियो बनाने के मामले...

सरगुजा में नाबालिग से मारपीट, अश्लील हरकत और वीडियो बनाने के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के सरगुजा में 16 साल के एक नाबालिग से तीन युवकों ने मारपीट की। इसके बाद उसके कपड़े उतरवाकर अश्लील हरकत की और वीडियो भी बनाया। युवकों ने मामले की शिकायत करने पर वीडियो वायरल करने की धमकी भी दी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला सीतापुर थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, नाबालिग के पिता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि 23 सितंबर की शाम करीब 6 बजे समर रेहान ने कॉल कर बेटे को कॉलेज के पास बुलाया था। रेहान ने उसे वीडियो दिखाने की बात कही थी। जब वह वहां पहुंचा तो रेहान अपने दो दोस्तों के साथ पहले से मौजूद था।

शिकायत के अनुसार, रेहान और उसके दो दोस्तों ने नाबालिग से मारपीट की। इसके बाद उसके कपड़े उतरवाकर अश्लील हरकत की। युवकों ने उसका प्राइवेट पार्ट काटकर नपुंसक बनाने की धमकी भी दी।

आरोपियों ने उसका वीडियो बना लिया और शिकायत करने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी। साथ ही घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी।

देर शाम नाबालिग घर लौटा, लेकिन डर के कारण उसने परिजनों को कुछ नहीं बताया। घटना के बाद वह तनाव में रहने लगा। मारपीट के कारण शरीर पर चोट के निशान थे और दर्द भी हो रहा था। इस पर परिजनों ने उससे पूछताछ की। कुछ दिन बाद नाबालिग ने उन्हें पूरी घटना बताई।

इसके बाद उसके पिता सीतापुर थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। मामले में पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ धारा 296, 351(2), 3(5) और पॉक्सो एक्ट की धारा 11 और 12 के तहत केस दर्ज किया है।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को थाने बुलाया और चेकलिस्ट तैयार करने के बाद छोड़ दिया। पॉक्सो एक्ट की धाराएं लगने के बाद भी आरोपियों को छोड़े जाने पर लोगों ने आंदोलन और थाना घेराव की चेतावनी दी।

इसके बाद थाना प्रभारी प्रदीप जायसवाल ने नाबालिग के परिजनों से लिखित आपत्ति मांगी। परिजनों की आपत्ति के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को अंबिकापुर कोर्ट में पेश किया गया।

RELATED ARTICLES

Most Popular