राज्य में यात्री बसों से सफर करने वाले लोगों को जल्द महंगाई का झटका लग सकता है। राज्य सरकार ने बस किराया बढ़ाने के प्रस्ताव पर सहमति के संकेत दिए हैं। परिवहन सचिव एस. प्रकाश ने बताया कि मंत्रिपरिषद की बैठक में यात्री बस किराया बढ़ाने के संबंध में चर्चा हुई है और जल्द निर्णय लिया जाएगा।
प्रस्ताव को विभागीय स्तर पर अंतिम मंजूरी मिलने के बाद परिवहन मंत्री केदार कश्यप नई दरों की घोषणा कर सकते हैं। परिवहन विभाग ने बस किराया संशोधन का प्रस्ताव तैयार किया है। इसमें बसों की अलग-अलग श्रेणियों और यात्रा की दूरी के आधार पर किराया तय करने का प्रविधान हो सकता है।
प्रस्तावित किराया लागू होने पर सामान्य सीटिंग बस में शुरुआती पांच किलोमीटर की यात्रा के लिए 10 से 12 रुपये देने होंगे। वर्तमान में यह किराया 10 रुपये है। इसके बाद प्रत्येक किलोमीटर के लिए 1.75 रुपये किराया प्रस्तावित है, जबकि वर्तमान दर करीब एक रुपये प्रति किलोमीटर है। हालांकि अंतिम दरों में कैबिनेट की चर्चा के बाद बदलाव संभव है।
प्रस्ताव को परिवहन और वित्त विभाग की मंजूरी के बाद विधि विभाग की प्रक्रिया से गुजरना होगा। सरकार के अंतिम निर्णय के बाद ही नई दर और उसके लागू होने की तारीख स्पष्ट होगी।
बस संचालक संगठन पिछले चार साल से किराया बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। उनका तर्क है कि डीजल के साथ ही बसों के रखरखाव, स्पेयर पार्ट्स और अन्य परिचालन खर्च लगातार बढ़े हैं। मौजूदा किराए में संचालन मुश्किल होने का हवाला देते हुए वे संशोधन की मांग कर रहे हैं।
बता दें कि पिछले दिनों बस ओनर्स फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने परिवहन मंत्री केदार कश्यप से मुलाकात कर साधारण यात्री बसों के किराए में 75 प्रतिशत और डीलक्स बसों में 30 प्रतिशत वृद्धि की मांग रखी थी।



