
‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत आज जशपुर में होगी कांग्रेस की बड़ी रैली, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, टीएस सिंहदेव, मोहन मरकाम समेत कई वरिष्ठ नेता पहुंचे जशपुर
जशपुर वोट चोरी और लोकतंत्र पर कथित हमले के खिलाफ कांग्रेस पार्टी ने जशपुर से अपनी आवाज बुलंद करने की तैयारी कर ली है। आज जशपुर में आयोजित होने वाले ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत कांग्रेस के बड़े शक्ति प्रदर्शन को लेकर जिले में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व सहित कई दिग्गज नेता देर रात जशपुर पहुंच चुके हैं।
इस बड़े राजनीतिक आयोजन में शामिल होने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम, पूर्व मंत्री उमेश पटेल और प्रदेश कांग्रेस प्रभारी जरीता लैतफलांग सहित कई वरिष्ठ नेता जशपुर पहुंच चुके हैं।
वहीं, छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रभारी एवं झारखंड के लोहरदगा से सांसद सुखदेव भगत के भी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जशपुर पहुंचेंगे उनके आगमन को लेकर भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
लोकतंत्र और मताधिकार की सुरक्षा को लेकर कांग्रेस करेगी हुंकार
कांग्रेस पार्टी इस अभियान के माध्यम से वोट चोरी के आरोपों, लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती और मतदाताओं के अधिकारों का मुद्दा प्रमुखता से उठाएगी। पार्टी का कहना है कि लोकतंत्र की रक्षा और मताधिकार की सुरक्षा के लिए आम जनता को जागरूक करना बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य को लेकर ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत जशपुर में यह बड़ा राजनीतिक आयोजन किया जा रहा है।
दिग्गज नेताओं के जमावड़े से बढ़ा सियासी पारा
प्रदेश कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के एक साथ जशपुर पहुंचने से जिले का राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। रैली में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के शामिल होने की तैयारी है। ऐसे में यह आयोजन केवल एक राजनीतिक रैली तक सीमित नहीं, बल्कि जशपुर की धरती से कांग्रेस के बड़े सियासी शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है।
अब सभी की निगाहें आज होने वाली इस रैली पर टिकी हैं, जहां कांग्रेस के दिग्गज नेता एक मंच से वोट चोरी के आरोपों और लोकतंत्र पर कथित हमले के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करेंगे।




