HomeUncategorized16 नवंबर को जशपुर आएंगे कांग्रेस के संगठन प्रभारी सुखदेव भगत, दीपक...

16 नवंबर को जशपुर आएंगे कांग्रेस के संगठन प्रभारी सुखदेव भगत, दीपक बैज और टीएस सिंहदेव सहित दिग्गज नेताओं का लगेगा जमावड़ा

बालाछापर में वोट चोरी और एसआईआर के विरोध में जन चौपाल, लोरो में जनसभा और कांसाबेल में कार्यकर्ता सम्मेलन को करेंगे संबोधित, पत्थलगांव में दिवंगत कांग्रेस नेता हरगोविंद अग्रवाल को देंगे श्रद्धांजलि

जशपुरनगर – कांग्रेस के छत्तीसगढ़ संगठन प्रभारी एवं झारखंड के लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र से सांसद सुखदेव भगत 16 नवंबर को एक दिवसीय प्रवास पर जशपुर पहुंचेंगे। उनके इस दौरे को लेकर जिले की सियासत में हलचल तेज हो गई है। खास बात यह है कि संगठन प्रभारी के स्वागत और विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम और पूर्व मंत्री उमेश पटेल सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी जशपुर पहुंचेंगे।

सुखदेव भगत के दौरे को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। उनके प्रवास के दौरान जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में जनसंपर्क, जन चौपाल, जनसभा और कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। कांग्रेस इस दौरे के जरिए संगठन को मजबूत करने के साथ ही वोट चोरी और एसआईआर के मुद्दे को लेकर आम लोगों के बीच अपनी बात पहुंचाने की तैयारी में है।

जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक यूडी मिंज ने दौरे की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि सुखदेव भगत 16 नवंबर को झारखंड की राजधानी रांची से जशपुर पहुंचेंगे। छत्तीसगढ़ और झारखंड की अंतरराज्यीय सीमा पर कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं द्वारा उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, मोहन मरकाम और उमेश पटेल सहित प्रदेश के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।

सौगड़ा आश्रम में मां काली और गुरुपद संभवराम जी का लेंगे आशीर्वाद

जिलाध्यक्ष यूडी मिंज के अनुसार, अंतरराज्यीय सीमा पर स्वागत के बाद सुखदेव भगत शंख से होते हुए जिला कांग्रेस कार्यालय पहुंचेंगे। यहां स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ संक्षिप्त चर्चा करेंगे। इसके बाद वे सौगड़ा स्थित अघोर आश्रम पहुंचकर मां काली और गुरुपद संभवराम जी का आशीर्वाद लेंगे।

बालाछापर में वोट चोरी और एसआईआर के विरोध में जन चौपाल

सौगड़ा आश्रम के बाद सुखदेव भगत शहर के नजदीकी गांव बालाछापर में आयोजित जन चौपाल में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम वोट चोरी और एसआईआर प्रक्रिया के विरोध में आयोजित किया जा रहा है। कांग्रेस नेताओं के अनुसार, जन चौपाल के माध्यम से आम नागरिकों को एसआईआर प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों के प्रति जागरूक किया जाएगा। इस दौरान संगठन प्रभारी जनता के बीच अपनी बात रखेंगे और कांग्रेस के आंदोलन को लेकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन भी करेंगे।

लोरो में जनसभा, कांसाबेल में कार्यकर्ताओं से करेंगे संवाद

बालाछापर की जन चौपाल के बाद सुखदेव भगत दुलदुला विकासखंड के लोरो पहुंचेंगे, जहां आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद उनका अगला पड़ाव कांसाबेल होगा। यहां वे कांग्रेस के कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होकर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगे। माना जा रहा है कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से जिले में कांग्रेस संगठन की गतिविधियों, आगामी राजनीतिक रणनीति और जमीनी स्तर पर संगठन की मजबूती को लेकर चर्चा होगी।

पत्थलगांव में दिवंगत कांग्रेस नेता को देंगे श्रद्धांजलि

दौरे के अंतिम चरण में सुखदेव भगत पत्थलगांव पहुंचेंगे। यहां वे कांग्रेस के दिवंगत वरिष्ठ नेता हरगोविंद अग्रवाल के निवास पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद वे अपने अगले गंतव्य के लिए रवाना होंगे।

जिला कांग्रेस ने शुरू की तैयारियां

संगठन प्रभारी के इस महत्वपूर्ण दौरे को सफल बनाने के लिए जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता तैयारियों में जुट गए हैं। पत्रकार वार्ता में पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष हीरू राम निकुंज, पूर्व जनपद अध्यक्ष शशि भगत, सहस्त्रांशु पाठक, महेंद्र अग्रवाल, सुमित शर्मा सहित कांग्रेस के स्थानीय पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कुल मिलाकर 16 नवंबर को जशपुर में कांग्रेस के दिग्गज नेताओं का जमावड़ा देखने को मिलेगा। एक ही दिन में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों के जरिए कांग्रेस जहां संगठनात्मक सक्रियता बढ़ाने की कोशिश करेगी, वहीं वोट चोरी और एसआईआर के मुद्दे को लेकर राजनीतिक संदेश भी देने की तैयारी में है।

RELATED ARTICLES

Most Popular