HomeUncategorizedकंडोरा में पहाड़ की चट्टान पर खनन का विरोध, ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री...

कंडोरा में पहाड़ की चट्टान पर खनन का विरोध, ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से लगाई गुहार; पट्टा निरस्त करने की मांग

जशपुरनगर – जिले के ग्राम पंचायत कंडोरा में पहाड़ की चट्टान पर संचालित खनन को लेकर ग्रामीणों का विरोध तेज हो गया है। खनन से मकानों को नुकसान पहुंचने, ग्रामीणों की जमीन पर कथित दबाव बनाने और गांव की सुरक्षा को लेकर चिंतित ग्रामीणों ने अब सीधे मुख्यमंत्री, प्रभारी मंत्री और कलेक्टर के नाम आवेदन सौंपकर खनन पट्टा निरस्त करने की मांग की है।

ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार, ग्राम पंचायत कंडोरा के मध्य स्थित खसरा नंबर 544/1, रकबा 14 हेक्टेयर में पहाड़ की चट्टान पर खनन कार्य संचालित किया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि पहाड़ के चारों ओर गांव, स्कूल, छात्रावास और मरघट स्थित हैं। इसके बावजूद ग्राम पंचायत और ग्रामसभा की कथित सहमति के बिना खनन गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

आवेदन में आरोप लगाया गया है कि खनन के दौरान की जा रही ब्लास्टिंग से ग्रामीणों के मकानों में दरारें और क्षति पहुंच रही है। वहीं, ग्रामीणों का यह भी कहना है कि पहाड़ से लगे अन्य भूमिधारकों की कृषि भूमि पर कथित रूप से दबाव बनाकर बिचौलियों के माध्यम से जमीन खाली कराने और धमकाने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि लगातार ब्लास्टिंग और खनन गतिविधियों से भविष्य में बड़ी दुर्घटना हो सकती है। इससे गांव में भय का माहौल बना हुआ है और ग्रामीण आर-पार की लड़ाई लड़ने को तैयार हैं।

आवेदन के अंतिम बिंदुओं में ग्रामीणों ने पहाड़ की चट्टान में संचालित उत्खनन पट्टे को तत्काल प्रभाव से निरस्त करने की मांग की है। साथ ही कहा है कि गांव के लोगों की सुरक्षा, मकानों और कृषि भूमि को किसी प्रकार का नुकसान नहीं होना चाहिए।

अब बड़ा सवाल यह है कि जब पहाड़ के चारों ओर गांव, स्कूल और छात्रावास मौजूद हैं, तो खनन की अनुमति किन शर्तों और परिस्थितियों में दी गई? क्या संबंधित विभाग ग्रामीणों की शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराएगा या फिर ग्रामीणों को अपनी सुरक्षा के लिए आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा?

फिलहाल ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर खनन कार्य पर रोक लगाने और पट्टा निरस्त करने की मांग की है।

RELATED ARTICLES

Most Popular