
जशपुरनगर -: जिले के नन्हेसर स्थित शिव मंदिर में एक बार फिर चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों द्वारा मंदिर से शिवलिंग को गायब कर दिया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में भारी आक्रोश और चिंता का माहौल है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह पहली बार नहीं है जब मंदिर को निशाना बनाया गया है। इससे पहले भी इसी मंदिर में चोरी की घटना हो चुकी है, जिसमें शिवलिंग को चुरा लिया गया था। उस समय स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई थी और धार्मिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका पैदा हो गई थी।
हालांकि, उस दौरान सन्ना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामले की गंभीरता को समझा और शीघ्र कार्रवाई करते हुए चोरी हुई मूर्ति को बरामद कर लिया था।
एक बार फिर उसी तरह की घटना सामने आने से ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में भारी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बरती जा रही है, जिसके कारण बार-बार ऐसी घटनाएं हो रही हैं।
घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस पर जल्द से जल्द कार्रवाई करने का दबाव बढ़ गया है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की जा रही है। उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही इस मामले का खुलासा होगा।



