
नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रनपुर–सरबकबम्बो मार्ग पर दोन्द्रोघाट के पास सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। दो मोटरसाइकिलों की आपसी भिड़ंत में एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा दोन्द्रोघाट के समीप उस समय हुआ जब दो मोटरसाइकिल आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीन अन्य लोग सड़क पर घायल अवस्था में पड़े रहे।घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत 108 एम्बुलेंस सेवा को फोन किया, लेकिन कई बार प्रयास करने के बावजूद फोन नहीं उठने से सम्पर्क नहीं हुआ। इसके बाद ग्रामीणों ने मानवता दिखाते हुए घायलों को निजी वाहन से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार घायलों में से एक की हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है, जबकि अन्य दो का उपचार जारी है।सूचना मिलने पर नारायणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा मृतक की पहचान तथा हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने इस घटना के बाद आपातकालीन एम्बुलेंस सेवा की लापरवाही पर भी नाराजगी जताई है और व्यवस्था में सुधार की मांग की है।



