अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस को सप्ताह में दो दिन चलाने की शुरुआत चार अक्टूबर 2026 से की जा रही है। चार अक्टूबर को यह ट्रेन हजरत निजामुद्दीन स्टेशन से चलेगी, उसके बाद से सप्ताह में दो दिन संचालन शुरू होगा। अंबिकापुर से यह ट्रेन मंगलवार और गुरुवार तथा निजामुद्दीन से रविवार और मंगलवार को रवाना होगी।
सप्ताह में दो दिन ट्रेन परिचालन की घोषणा काफी पहले हो गई थी, लेकिन तिथि घोषित नहीं होने से इसका संचालन अभी तक सप्ताह में एक दिन ही किया जा रहा था।
यात्रियों की सुविधा एवं अंबिकापुर से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के लिए रेल संपर्क को और बेहतर बनाने की दिशा में रेलवे प्रशासन द्वारा गाड़ी संख्या 22407/22408 अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन-अंबिकापुर एक्सप्रेस की सेवा आवृत्ति में वृद्धि की गई है। अब यह ट्रेन निजामुद्दीन से चार अक्टूबर 2026 से तथा अंबिकापुर से छह अक्टूबर 2026 से साप्ताहिक के स्थान पर सप्ताह में दो दिन संचालित होगी।
ट्रेन नंबर 22408 हजरत निजामुद्दीन-अंबिकापुर एक्सप्रेस वर्तमान में प्रत्येक मंगलवार को संचालित होती है। अब यह ट्रेन चार अक्टूबर 2026 (रविवार) से प्रत्येक रविवार एवं मंगलवार को चलेगी।
इसी प्रकार ट्रेन नंबर 22407 अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस वर्तमान में प्रत्येक गुरुवार को संचालित होती है। अब यह ट्रेन छह अक्टूबर 2026 (मंगलवार) से प्रत्येक मंगलवार एवं गुरुवार को चलेगी।
ट्रेन की वर्तमान समय-सारणी, मार्ग, ठहराव एवं कोच संरचना में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। केवल इसकी आवृत्ति में वृद्धि की गई है।
इस ट्रेन के सेवा आवृत्ति में वृद्धि से सरगुजा क्षेत्र सहित इस मार्ग के यात्रियों को हजरत निजामुद्दीन एवं राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र की यात्रा के लिए अतिरिक्त रेल सुविधा उपलब्ध होगी। इससे यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना बनाने में अधिक विकल्प मिलेंगे।
यात्रीगण कृपया यात्रा से पूर्व ट्रेन के संचालन दिवस एवं समय की जानकारी रेलवे की अधिकृत वेबसाइट व रेलवन ऐप से अवश्य प्राप्त कर लें।



