HomeUncategorizedअंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस अब सप्ताह में दो दिन चलेगी, 4 अक्टूबर 2026...

अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस अब सप्ताह में दो दिन चलेगी, 4 अक्टूबर 2026 से शुरू होगा नया शेड्यूल

अंबिकापुर–हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस को अब सप्ताह में दो दिन चलाया जाएगा। रेलवे प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुविधा एवं अंबिकापुर से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के लिए रेल संपर्क को और बेहतर बनाने की दिशा में गाड़ी संख्या 22407/22408 अंबिकापुर–हजरत निजामुद्दीन–अंबिकापुर एक्सप्रेस की सेवा आवृत्ति में वृद्धि की गई है।

इसके अनुसार अब यह ट्रेन निजामुद्दीन से 4 अक्टूबर 2026 से तथा अंबिकापुर से 6 अक्टूबर 2026 से साप्ताहिक के स्थान पर सप्ताह में दो दिन संचालित होगी। 4 अक्टूबर को यह ट्रेन हजरत निजामुद्दीन स्टेशन से चलेगी, उसके बाद से सप्ताह में दो दिन संचालन शुरू हो जाएगा।

ट्रेन नंबर 22408 हजरत निजामुद्दीन–अंबिकापुर एक्सप्रेस वर्तमान में प्रत्येक मंगलवार को संचालित होती है। अब यह ट्रेन 4 अक्टूबर 2026 (रविवार) से प्रत्येक रविवार एवं मंगलवार को चलेगी। इसी प्रकार ट्रेन नंबर 22407 अंबिकापुर–हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस वर्तमान में प्रत्येक गुरुवार को संचालित होती है। अब यह ट्रेन 6 अक्टूबर 2026 (मंगलवार) से प्रत्येक मंगलवार एवं गुरुवार को चलेगी।

सप्ताह में दो दिन ट्रेन परिचालन की घोषणा काफी पहले हो गई थी, लेकिन तिथि घोषित न होने से इसका संचालन अभी तक सप्ताह में एक दिन ही किया जा रहा था। अब तिथि घोषित होने के साथ ही नए शेड्यूल के अनुसार संचालन की तैयारी है।

रेलवे के अनुसार ट्रेन की वर्तमान समय-सारणी, मार्ग, ठहराव एवं कोच संरचना में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। केवल इसकी आवृत्ति में वृद्धि की गई है। यानी ट्रेन पहले जिन स्टेशनों पर जिस समय रुकती थी, वही व्यवस्था आगे भी बनी रहेगी।

इस ट्रेन के सेवा आवृत्ति में वृद्धि से सरगुजा क्षेत्र सहित इस मार्ग के यात्रियों को हजरत निजामुद्दीन एवं राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र की यात्रा के लिए अतिरिक्त रेल सुविधा उपलब्ध होगी। इससे यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना बनाने में अधिक विकल्प मिलेंगे।

यात्रीगण कृपया यात्रा से पूर्व ट्रेन के संचालन दिवस एवं समय की जानकारी रेलवे की अधिकृत वेबसाइट व रेलवन ऐप से अवश्य प्राप्त कर लें।

RELATED ARTICLES

Most Popular