
बालोद बाईपास पर रविवार को एक सड़क हादसे में बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा बघमरा-पड़कीभाट मार्ग पर गुलाब ढाबा के पास हुआ, जहां अंधे मोड़ पर बाइक एक ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई।
मृतक की पहचान ग्राम नेवारी खुर्द निवासी प्रीतम मंडावी (45) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार प्रीतम मंडावी बाइक से बालोद से अपने घर की ओर लौट रहे थे।
इसी दौरान गुलाब ढाबा के पास अंधे मोड़ पर उनकी बाइक ट्रक क्रमांक एमएच 40 सीएल 2700 के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि प्रीतम मंडावी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा और 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को थाने पहुंचाया।
शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ग्रामीणों के अनुसार बाईपास से बघमरा-पड़कीभाट मार्ग पर दो जगह बेहद खतरनाक मोड़ हैं। सड़क किनारे झाड़ियों की सफाई नहीं होने और पर्याप्त सांकेतिक बोर्ड नहीं लगाए जाने से वाहन चालकों को मोड़ का अंदाजा नहीं हो पाता।
ग्रामीणों ने पीडब्ल्यूडी और प्रशासन से सड़क किनारे झाड़ियों की सफाई कराने के साथ खतरनाक मोड़ों पर सांकेतिक बोर्ड लगाने की मांग की है।



