
छत्तीसगढ़ के प्रमुख हाईवे पर सफर करने वाले यात्रियों और पर्यटकों को अब बीच रास्ते में शहरों जैसी सुविधाएं मिलेंगी। छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल रायपुर-जगदलपुर, रायपुर-बिलासपुर और बिलासपुर-कोरबा जैसे प्रमुख मार्गों पर हाईटेक वे-साइड एमिनिटीस सेंटर यानी यात्री सुविधा केंद्र बनाने की तैयारी कर रहा है।
इन सेंटरों में एक ही परिसर में पेट्रोल पंप, ईवी चार्जिंग स्टेशन, फूड कोर्ट, पार्किंग और साफ-सुथरे शौचालय होंगे। फूड कोर्ट में डोमिनोज, पिज्जा हट और केएफसी जैसे ब्रांड के साथ छत्तीसगढ़ी व्यंजनों के आउटलेट भी रखने की योजना है।
पर्यटन मंडल ने इन सेंटरों के लिए जमीन की तलाश शुरू कर दी है। ऐसी जगहों को प्राथमिकता दी जाएगी, जो हाईवे से सीधे जुड़ी हों और जहां कारों, बसों व भारी वाहनों की पार्किंग के लिए पर्याप्त जगह हो। स्थान का चयन इस आधार पर भी होगा कि वह दो शहरों के बीच ऐसे पड़ाव पर हो, जहां यात्रियों को रुकने की ज्यादा जरूरत पड़ती है।
जमीन तय होने के बाद निजी भागीदारों का चयन पारदर्शी प्रक्रिया से किया जाएगा। योजना पीपीपी मॉडल पर होगी। पर्यटन मंडल जमीन और सुविधाओं के मानक तय करेगा, जबकि निजी भागीदार अपने निवेश से सेंटर बनाएगा और तय अवधि तक उसका संचालन व रखरखाव करेगा। इसके लिए नियम और शर्तें तैयार की जा रही हैं।
वे-साइड सेंटरों में फूड कोर्ट प्रमुख आकर्षण होगा। यहां डोमिनोज, पिज्जा हट और केएफसी जैसे राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय ब्रांड के आउटलेट लाने की योजना है। स्थानीय आउटलेट में चीला, फरा, ठेठरी, खुरमी, चौसेला, बोरे-बासी, देहरौरी और अंगाकर रोटी जैसे छत्तीसगढ़ी व्यंजन मिलेंगे। इससे बाहर के लोग इन व्यंजनों से परिचित हो सकेंगे।
इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए हर सेंटर पर ईवी चार्जिंग स्टेशन प्रस्तावित है। इससे इलेक्ट्रिक कार से लंबी दूरी की यात्रा करने वालों को बीच रास्ते में चार्जिंग की सुविधा मिल सकेगी। पेट्रोल पंप के साथ कार, बस और भारी वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग की व्यवस्था भी होगी।
रायपुर-जगदलपुर, रायपुर-बिलासपुर और बिलासपुर-कोरबा जैसे प्रमुख मार्गों पर वे-साइड एमिनिटीस सेंटर बनाए जाएंगे। एक ही जगह पेट्रोल पंप, ईवी चार्जिंग, ब्रांडेड व छत्तीसगढ़ी खाने का फूड कोर्ट और साफ-सुथरे शौचालय जैसी सुविधाएं मिलेंगी। सेंटर पीपीपी मॉडल पर बनाए और संचालित किए जाएंगे। मानक पर्यटन मंडल तय करेगा।
छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक सौमिल चौबे ने बताया कि रायपुर-जगदलपुर, रायपुर-बिलासपुर और बिलासपुर-कोरबा जैसे प्रमुख मार्गों पर वे-साइड एमिनिटीस सेंटर बनाए जाएंगे। एक ही जगह पेट्रोल पंप, ईवी चार्जिंग, ब्रांडेड व छत्तीसगढ़ी खाने का फूड कोर्ट और साफ-सुथरे शौचालय जैसी सुविधाएं मिलेंगी। सेंटर पीपीपी मॉडल पर बनाए और संचालित किए जाएंगे, जिनके मानक पर्यटन मंडल तय करेगा।



