HomeUncategorizedकांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा को धमकी मामले में शोएब ढेबर हिरासत में,...

कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा को धमकी मामले में शोएब ढेबर हिरासत में, टीनू भारद्वाज भी पूछताछ के लिए बुलाए गए

रायपुर में कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से धमकी मिलने के मामले में पुलिस ने शनिवार देर रात शराब कारोबारी अनवर ढेबर के बेटे शोएब ढेबर को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। इसके अलावा बीजेपी नेता के भांजे टीनू भारद्वाज को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया है। तेलीबांधा थाना पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, पुलिस शोएब ढेबर को देर रात मेमन समाज के कार्यक्रम से थाने लेकर पहुंची। यहां सेंट्रल जोन के ACP, थाना प्रभारी समेत पुलिस अधिकारियों की टीम उससे पूछताछ कर रही है।

इस मामले में पुलिस ने पहले जांजगीर-चांपा के एक युवक को गिरफ्तार किया था। आरोपी होटल में सिक्योरिटी गार्ड है। आरोप है कि उससे लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर आनंद कुकरेजा को धमकी देकर ब्लैकमेल करने के लिए फोन करवाया गया था। 25 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी गई थी।

आरोप है कि फिरौती के लिए इंटरनेट कॉल करने के लिए शोएब ढेबर ने हॉटस्पॉट दिया था। पूछताछ में शोएब ढेबर का नाम सामने आया। दरअसल, पुलिस ने दिल्ली क्राइम ब्रांच की मदद से व्हाट्सऐप ट्रेस कर जांजगीर-चांपा निवासी युवक को पकड़ा। पूछताछ के दौरान शोएब ढेबर का नाम सामने आया। ऐसे में रायपुर पुलिस ने शनिवार रात शोएब ढेबर को हिरासत में लिया।

जांच का दायरा बढ़ाते हुए पुलिस ने बीजेपी नेता के भांजे टीनू भारद्वाज को हिरासत में लिया। इसके अलावा पुलिस ने होटल के तीन कर्मचारियों को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी देने की पूरी साजिश में उसकी क्या भूमिका थी और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

बताया जा रहा है कि बिश्नोई गैंग और अमन साव गैंग के नाम पर पूर्व महापौर एजाज ढेबर से भी 50 करोड़ रुपए की मांग की गई थी। इस मामले में एजाज ढेबर ने कोतवाली थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कराई थी।

पुलिस अब दोनों मामलों के बीच किसी तरह का कनेक्शन है या नहीं, इसकी भी जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, हिरासत में लिए गए शोएब ढेबर से पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने पूछताछ से जुड़ी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।

RELATED ARTICLES

Most Popular