HomeUncategorizedकेंद्र ने छत्तीसगढ़ को कृषि योजनाओं के लिए 181.99 करोड़ रुपये जारी...

केंद्र ने छत्तीसगढ़ को कृषि योजनाओं के लिए 181.99 करोड़ रुपये जारी किए

कृषि विकास को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ प्रदेश को 181.99 करोड़ रुपये की राशि जारी की है। इसमें राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत 91.20 करोड़ रुपये और कृषि उन्नति योजना के तहत 90.79 करोड़ रुपये शामिल हैं।

नई दिल्ली में 28 और 29 सितंबर को रबी अभियान 2026 के तहत देशभर के कृषि मंत्रियों का सम्मेलन हुआ। इसी दौरान कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कृषि मंत्री राम विचार नेताम को दोनों योजनाओं के तहत दूसरी किस्त की राशि जारी किए जाने की जानकारी दी। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने एक पत्र भी दिया।

केंद्रीय मंत्री चौहान ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के लिए राज्यों के साथ मिलकर काम कर रही है। दोनों योजनाओं के तहत मिली राशि से प्रदेश में कृषि से जुड़े कामों को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।

कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने राशि जारी करने के लिए केंद्र सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य के मिलकर काम करने से प्रदेश के कृषि क्षेत्र को नई गति मिल रही है।

कृषि मंत्री ने कहा कि राशि का उपयोग कृषि विकास से जुड़े कामों को आगे बढ़ाने और किसानों को योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने में किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular